पूर्व मंत्री की लाचारी: 4 साल में भी नहीं चालू करवा पाए पानी की टंकी

Update: 2016-04-16 05:29 GMT

लखनऊ: पूर्व मंत्री राजा महेंद्र अरिदमन सिंह अपनी ही सरकार में अफसरों के मनमाने रवैये से लाचार हैं। आलम यह है कि चार साल से वह अपने ही इलाके में एक पानी की टंकी चालू नहीं करा पाए हैं। आगरा के बाह विधानसभा क्षेत्र से विधायक अरिदमन ने अपना यह दर्द बयां करते हुए एक बार फिर डीएम आगरा को पत्र लिखा है और जल्द पानी की टंकी चालू कराने की गुजारिश की है।

पानी की टंकियां सफेद हाथी: अरिदमन

राजा महेंन्द्र अरिदमन सिंह ने अपने पत्र में कहा है कि बाह विधानसभा क्षेत्र के रेहा और बरैण्डा में चार साल पहले दो पानी की टंकियों का निर्माण कराया गया था। चुनाव के बाद उन्होंने मुख्य अभियंता जल निगम आगरा के साथ इस इलाके का निरीक्षण भी किया था, लेकिन दोनों टंकियां अभी तक सफेद हाथी की तरह गांव वालों का मुंह चिढ़ा रही हैं।

इसे चालू कराने के लिए बनाई गई थी एक कमेटी

उस समय इन टंकियों को चालू कराने के लिए एक कमेटी हैंड-ओवर/टेक-ओवर के लिए बनाई गई थी, लेकिन इसके नतीजों का अभी तक पता नहीं है।

लेटर में यह भी कहा गया है

-टंकियों को चालू कराने के लिए पाइप लाइन की मरम्मत कराई जाए।

-दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरूद्ध जांच कराकर कठोर कार्रवाई की जाए।

-शासकीय धन के करोड़ो रुपए के दुरुपयोग की जिम्मेदारी तय की जाए।

-चार सालों के अथक प्रयास के बाद भी नहीं चालू हो पाई टंकी।

-गांव वालों को पानी के लिए हो रही है परेशानी।

अपने इलाके में काम में पीछे रहने पर छीना था मंत्री पद

बता दें कि अक्टूबर 2015 में श्री अरिदमन सिंह से मंत्री पद छीन गया था। तब कहा गया था कि उनके इलाके के कामों को लेकर सपा मुखिया को शिकायत मिली थी, जिसकी वजह से उन्हें मंत्री पद से हाथ धोना पड़ा था।

-2012 में सरकार बनने के बाद राजा महेंद्र अरिदमन सिंह को परिवहन मंत्री बनाया गया था।

-फरवरी 2013 में मंत्रीमंडल के फेरबदल में उन्हें न्यायालय शुल्क, पंजीयन और नागरिक सुरक्षा जैसे विभाग की जिम्मेदारी दी गई।

Tags:    

Similar News