Gorakhpur News: जीआईएस को लेकर गोरखपुर यूनिवर्सिटी में यूथ से बोले देश दीपक वर्मा, उत्तर प्रदेश में निवेश की मची है होड़

Gorakhpur News: देशदीपक वर्मा ने कहा कि पहले निवेशक उत्तर प्रदेश में आने से डरते थे। सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई तो निवेशकों में सुरक्षा की भावना बढ़ी।

Written By :  Purnima Srivastava
Update:2023-02-06 17:10 IST

Gorakhpur Desh Deepak Verma

Gorakhpur News: सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी, राज्य सभा के पूर्व महासचिव एवं एम्स गोरखपुर की गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष देश दीपक वर्मा ने कहा कि बीमारू राज्य के दंश को समाप्त कर आज उत्तर प्रदेश विकास की नई उड़ान को तैयार है। पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत समूचे प्रदेश को आगे बढ़ाने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ललक, उनकी विकासपरक सोच और नेतृत्व से आज देश, दुनिया के निवेशकों के बीच उत्तर प्रदेश में निवेश करने की होड़ मची हुई है।

देश दीपक वर्मा सोमवार को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 को लेकर आयोजित 'उत्तर प्रदेश-नए भारत का ग्रोथ इंजन' विषयक संवाद को संबोधित कर रहे थे। जीआईएस को लेकर छात्रों और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित संवाद में श्री वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पूर्व में हुए निवेश प्रयासों और आज हो रहे प्रयासों में काफी अंतर है। वर्तमान नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश को एक रचनात्मक गति दी है जिससे आगे बढ़ने की संभावना अधिक साकार हो रही है। यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में नए भारत का ग्रोथ इंजन बनने की क्षमता है। यह यथार्थ है क्योंकि अब आगे बढ़ने का समय उत्तर प्रदेश का है।

निवेशकों में बढ़ी है सुरक्षा की भावना

देशदीपक वर्मा ने कहा कि पहले निवेशक उत्तर प्रदेश में आने से डरते थे। सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई तो निवेशकों में सुरक्षा की भावना बढ़ी। आज पूरा देश यूपी के लॉ एंड ऑर्डर को नजीर मानता है। अपराध ही नहीं भ्रष्टाचार के खिलाफ भी मुख्यमंत्री की नीति जीरो टॉलरेंस की है। निवेश को बढ़ावा देने के लिए पहली बार आईटी, डाटा सेंटर, डिफेंस, एरो स्पेस, वेयरहाउसिंग जैसे 25 सेक्टरों की पहचान कर सेक्टोरल पॉलिसी लाई गई।

गर्व करिए, आप उत्तर प्रदेश के हैं

सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री वर्मा ने कहा कि पहचान को लेकर हीनभावना का समय बीत चुका है। अब गर्व करिए कि आप उत्तर प्रदेश के हैं। हाल के सालों में उत्तर प्रदेश का ग्रोथ रेट 11 प्रतिशत है। यह पांच बड़ी अर्थव्यवस्था वाले राज्यों में शुमार है। एक्सपोर्ट में 12.9 प्रतिशत योगदान दे रहा है। 2014 से 2020 में यूपी का ग्रोथ रेट, देश के ग्रोथ रेट से अधिक रहा है। कोविडकाल में भी सर्वाधिक कम प्रभाव यूपी पर रहा। देश का सबसे बड़ा रेल नेटवर्क और दूसरा सबसे बड़ा रोड नेटवर्क यूपी का है। यह तीन संचालित और दो निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे वाला, 9 संचालित और 10 निर्माणाधीन घरेलू हवाई अड्डे वाला इकलौता राज्य है। यहां रैपिड रेल के साथ जलमार्ग परिवहन भी प्रारंभ हो चुका है।

जनसंख्या घनत्व का सदुपयोग कर रहा उत्तर प्रदेश

उन्होने कहा जिस आबादी को पहले बोझ समझा जाता था, उसे उत्तर प्रदेश ने संपत्ति और बड़े मार्केट का रूप दिया है। जनसंख्या घनत्व से दुखी होने की बजाय उत्तर प्रदेश इसका सदुपयोग कर रहा है।

कौशल विकास पर ध्यान दें, रोजगार की कोई कमी नहीं

देश दीपक वर्मा ने छात्रों का आह्वान किया कि वे कौशल विकास पर ध्यान दें, रोजगार की कोई कमी नहीं है। आने वाला समय इंडस्ट्री का है। ऐसे में जरूरत इस बात की है कि सिर्फ सरकारी नौकरी के पीछे भागने की बजाय युवा खुद में जोखिम लेने की क्षमता बढ़ाएं। उद्यमिता और कौशल पर फोकस करें। उन्होंने कहा कि यह कहना गलत है कि बेरोजगारी अधिक है बल्कि हकीकत यह है कि औद्योगिक सेक्टर के हिसाब से रोजगारयोग्य कुशल लोग कम हैं। इस कमी को दूर करने के लिए स्किल डेवलपमेंट पर अधिक ध्यान देना होगा।

यूपी में 25 लाख करोड़ रुपये निवेश की संभावना : पवन अग्रवाल

संवाद के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पवन अग्रवाल ने कहा कि एक समय जनसंख्या को समस्या माना जाता था लेकिन ट्रेड, साइंस, इंडस्ट्री के ग्रोथ से इससे जुड़ी तमाम समस्याओं का समाधान हो सकेगा। उन्होंने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए प्रदेश में पहले 10 लाख करोड़ रुपये का लक्ष्य था जो अब 17 लाख करोड़ हो गया है। उद्यमियों, निवेशकों में जिस तरह का उत्साह है उसे देखकर कहा जा सकता है कि प्रदेश में 25 लाख करोड़ रुपये का निवेश होगा। देश के किसी भी प्रदेश के लिए अबतक इतने बड़े पैमाने पर निवेश नहीं आया था।

गोरखपुर विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो अजय सिंह ने स्वागत संबोधन में कहा कि हमारे प्रदेश में असीम संभावनाएं हैं। इन्हीं संभावनाओं को सहेजते हुए उत्तर प्रदेश विकास पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के तीव्र विकास में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट महत्वपूर्ण पड़ाव है और इसे लेकर गोरखपुर विश्वविद्यालय भी अपनी जिम्मेदारियों को निष्ठा व समर्पण से निभाएगा। कार्यक्रम के दौरान ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वीडियो संदेश व शार्ट फिल्म का प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का संचालन रक्षा अध्ययन विभाग के आचार्य प्रो हर्ष कुमार सिन्हा व आभार ज्ञापन अधिष्ठाता कला संकाय प्रो नंदिता सिंह ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संजय मीना, एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी अश्विन कुमार मिश्रा समेत कई शिक्षकगण व बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News