Gorakhpur Nagar Nigam Ward No.22: गोरखपुर शक्ति नगर पार्षद आलोक सिंह, 22 करोड़ से 78 सड़कों का निर्माण करा बदल दी वार्ड की सूरत

Gorakhpur Nagar Nigam Ward No.22 Parshad: वार्ड में पार्षद की पहल से 125 लोगों को पीएम आवास की छत मिली। आलोक बताते हैं कि कोशिश रही कि लोगों को समय से किस्त मिले।

Update: 2022-10-08 13:37 GMT

Gorakhpur Nagar Nigam Ward No.22 Parshad (Photo - Newstrack)

Gorakhpur Nagar Nigam Ward No.22 Parshad: शक्तिनगर वार्ड से भाजपा के सिंबल पर पहली बार जीते आलोक सिंह विशेन ने पिछले पांच साल में पूरा जोर सड़कों का जाल बिछाने में लगाया। इसी का नतीजा है कि नगर निगम, जीडीए से लेकर आरईएस ने वार्ड में 22 करोड़ की लागत से 78 सड़कों का निर्माण कराया है। जो एक-दो सड़कें खराब हैं, उनका भी टेंडर हो गया है। साल के अंत तक इनका भी निर्माण होने का दावा आलोक कर रहे हैं।

जर्जर सड़कें आलोक को विरासत में मिली थीं। इसीलिए उन्होंने पूरा जोर सड़कों की स्थिति को सुधारने में लगाया। जलभराव से ग्रस्त वार्ड में 78 सड़कों का निर्माण कराया गया। इनमें से प्रमुख सड़कें सीसी हैं, ताकि जलभराव से सड़कें खराब नहीं हो। आलोक बताते हैं कि शक्ति नगर एसबीआई से फातिमा बाईपास तक 2.32 करोड़ की लागत से और मंझा टोला से ज्योतिषाचार्य शिवहर्ष मिश्रा के आवास से होते हुए वैष्णो माता मंदिर और आदित्यपुरी तक 2.66 करोड़ की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया है। लिटिल फ्लावर गली पिछले दस वर्षों से टूटी थी। इसका निर्माण 55 लाख की लागत से कराया गया है। पेयजल की समस्या से निजात के लिए पार्षद तीन ट्यूबवेल की मंजूरी दिलाई है। इनमें से दो का संचालन भी शुरू हो गया है।

125 गरीबों को मिली पीएम आवास की छत

वार्ड में पार्षद की पहल से 125 लोगों को पीएम आवास की छत मिली। आलोक बताते हैं कि कोशिश रही कि लोगों को समय से किस्त मिले, जिससे निर्माण को लेकर किसी प्रकार की बाधा नहीं हो। इसके साथ कोरोना काल में पार्षद की सक्रियता से 100 से अधिक गरीबों का राशन कार्ड बना। वहीं दूसरे शहरों से आने वालों के लिए विशेष इंतजाम किया गया। 


मुख्यमंत्री कोष से दस लोगों को आर्थिक मदद

पार्षद का विशेष जोर असाध्य रोग से जूझ रहे मरीजों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक मदद दिलाने में रहा। इसी का नतीजा है कि दस जरुरतमंदों को 2 लाख से लेकर पांच लाख की आर्थिक मदद मिल सकी।

कूड़ेदान को बनाया पार्क, अब खेलते हैं बच्चे

वार्ड में अंबेडकर पार्क मोहल्ले वालों के लिए कूड़ेदान बन गया था। लेकिन पार्षद की पहल से विकसित पार्क में बच्चे सुबह और शाम मस्ती करते हुए दिखते हैं। अंबेडकर पार्क के नाम से विकसित पार्क में मोहल्ले की महिलाएं और बुजुर्ग भी टहलते हुए दिखते हैं। इसके साथ ही वार्ड में ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ स्मृति पार्क विकसित किया गया है। वहीं शिवापुरम में काशीनाथ जायसवाल स्मृति पार्क से भी लोगों को राहत मिली है।

Tags:    

Similar News