Gorakhpur News: लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा की जातियों को जोड़ने की कोशिश, इस समाज के जुटेंगे सवा लाख लोग

Gorakhpur News: भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की अगुवाई में क्षेत्रीय महासम्मेलन आगामी 29 अक्टूबर को गोरखपुर में प्रस्तावित है। इस सम्मेलन में गोरखपुर क्षेत्र के 12 जिलों के कुल 62 विधानसभा क्षेत्रों से करीब सवा लाख अनुसूचित समाज के लोगों को जुटाने की तैयारी संगठन की है।

Update: 2023-10-15 12:34 GMT

Gorakhpur News(Pic:Newstrack)

Gorakhpur News: भारतीय जनता पार्टी बिहार में जातीय गणना के बाद हो रही सियासत के तोड़ के लिए अभी से कोशिशों में जुट गई है। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की अगुवाई में क्षेत्रीय महासम्मेलन आगामी 29 अक्टूबर को गोरखपुर में प्रस्तावित है। इस सम्मेलन में गोरखपुर क्षेत्र के 12 जिलों के कुल 62 विधानसभा क्षेत्रों से करीब सवा लाख अनुसूचित समाज के लोगों को जुटाने की तैयारी संगठन की है। इसके दृष्टिगत क्षेत्रीय अध्यक्ष ने अनुसूचित जाति से जुड़े पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जिलेवार जिम्मेदारी दी है।

क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने बताया कि अनुसूचित जाति महासम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान को महराजगंज, कुशीनगर और मऊ जनपद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह पूर्व विधायक रवि सोनकर गोरखपुर महानगर, सलेमपुर की विधायक व प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम को गोरखपुर व बस्ती जिला, खजनी के विधायक, पूर्व मंत्री श्रीराम चौहानों देवरिया और बलिया जनपद, कपिलवस्तु के विधायक श्यामधनी राही को संतकबीर नगर, महराजगंज के विधायक जयमंगल कनौजिया को सिद्धार्थनगर, बांसगांव के विधायक डा विमलेश पासवान को लालगंज और धनघटा के विधायक गणेश चौहान को आजमगढ़ जिले में लगाया गया है।

इसी प्रकार अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों को भी एक एक जिले की जिम्मेदारी दी गई है। महराजगंज के पूर्व जिलाध्यक्ष परदेशी रविदास गोरखपुर महानगर और गोरखपुर जिला, हरिनाथ सोनकर महराजगंज, पूर्व विधायक काली प्रसाद कुशीनगर, पूर्व विधायक बेचन राम देवरिया, दीपक कुमार बस्ती और सिद्धार्थनगर, अनुराग मझवार संतकबीर नगर, शेषनाथ आचार्य लालगंज, चंदू सरोज आजमगढ़, तिजाराम मऊ और इंद्रदेव प्रसाद बलिया जनपद में महासम्मेलन को सफल बनाने हेतु लगे हुए हैं।

मिशन 2024 का मार्ग प्रशस्त करेगा सम्मेलन

क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने कहा है कि गोरखपुर में होने वाला अनुसूचित समाज का सम्मेलन भाजपा के मिशन 2024 का मार्ग प्रशस्त करेगा। भाजपा जाति-धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि सबका साथ सबका विकास के सिद्धांत पर काम करती है।

Tags:    

Similar News