Gorakhpur News: इस पुल के बनने से 15 किमी घट जाएगी गोरखपुर से देवरिया की दूरी, 2 लाख आबादी की बल्ले-बल्ले

Gorakhpur News: अब सेतु निगम ने बैरियाखास में फरेन नाला पर 60 मीटर लंबा पक्का पुल बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके बनने से कछारांचल के 100 गांवों के दो लाख से अधिक लोग आसानी से गोरखपुर पहुंच सकेंगे।;

Update:2024-12-06 08:15 IST

 इस पुल के बनने से 15 किमी घट जाएगी गोरखपुर से देवरिया की दूरी, 2 लाख आबादी की बल्ले-बल्ले (newstrack)

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के बड़हलगंज क्षेत्र में बैरियाखास के लोगों को देवरिया जिले के गांवों में जाने के लिए घुमावदार रास्ते से जाना पड़ता है। लोग पटनाघाट के कपरवार पुल से आते-जाते हैं। इसके लिए 15 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। अब सेतु निगम ने बैरियाखास में फरेन नाला पर 60 मीटर लंबा पक्का पुल बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके बनने से कछारांचल के 100 गांवों के दो लाख से अधिक लोग आसानी से गोरखपुर पहुंच सकेंगे। अभी तक दो लाख से अधिक लोगों की सुविधा के लिए बैरियाखास में राप्ती नदी पार करने के लिए पीपे का पुल लगा है। इससे दोनों जिलों की करीब 100 ग्राम पंचायतों के लोग आते-जाते हैं।

एक माह पहले सेतु निगम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बड़हलगंज के पास बैरियाखास में राप्ती नदी और फरेन नाला पर पुल बनाने के लिए सर्वे किया था। तब अधिकारियों ने ग्रामीणों से पुल निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने को कहा था। बड़हलगंज क्षेत्र के बैरियाखास से लेकर देवरिया जिले के मोहरा घाट तक पक्का पुल (लगभग 300 मीटर लंबा) बनने से बड़हलगंज क्षेत्र के बैरियाखास, मोहन पौहरिया, जगदीशपुर, मनवा, हिंगुहार, खोहियापट्टी, पिपरदाढ़ी, मरवटिया, परसिया, पिड़हनी, मरकड़ी, भटपुरवा, केवटान, टाढ़ी, गाजी बैरिया समेत दो दर्जन गांवों की आबादी प्रभावित होगी। -देवरिया जिले के मोहरा, समोगर, मनियापार, पटवनिया, मझवा, बराव, पौहरिया एक दूसरे से सीधे जुड़ जाएंगे। बरसात के दिनों में नदी पार करने की समस्या का समाधान हो जाएगा।

सर्वे के बाद शासन को भेजी गई रिपोर्ट

सेतु निगम के अधिकारियों ने इसका सर्वे कर लिया है। जल्द ही परियोजना रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। पक्का पुल बनने से देवरिया से गोरखपुर सीधे जुड़े जाएगा। इससे बड़हलगंज की ओर आने पर करीब 14 किमी की दूरी कम हो जाएगी। सेतु निगम के अधिकारियों का कहना है कि नदी के पुल और इसी क्षेत्र से गुजरने वाले फरेन नाले पर पुलिया बनाने की योजना है। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि पुल बनाने को लेकर सर्वे पूरा कर बजट के लिए शासन से मांग की गई है। गोरखपुर और देवरिया के 100 गांव के लोगों के साथ बड़ी आबादी को एक वैकल्पिक रास्ता मिल जाएगा।

Tags:    

Similar News