Gorakhpur: एथेनाल से विदेशी मुद्रा बचेगी, हवाई जहाज भी उड़ेगा, डिस्टिलरी का लोकार्पण कर बोले सीएम योगी

Gorakhpur: सीएम योगी ने कहा कि यूपी में डबल इंजन की सरकार है। पीएम मोदी के आने के बाद देश के अंदर सड़े खाद्यान्न से एथेनाल बनाने के कार्यक्रम को अनुमति दी।;

Update:2025-04-06 17:53 IST

gorakhpur news

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह केवल डिस्टलिरी नहीं है। यह शराब ही नहीं एथेनाल प्लांट है। विदेशी मुद्रा बचाने का माध्यम है एथेनाल। अब हवाई जहाज भी एथेनाल से उड़ेगा। भारत करोड़ों का पेट्रोलियम उत्पाद बनाता है। एथेनाल से विदेशी मुद्रा बचेगी तो किसान समृद्ध होगा। युवाओं को घर में रोजगार मिलेगा। केयान डिस्टिलरी इसी अभियान का नाम है।

गीडा में 1200 करोड़ से स्थापित केयान डिस्टिलरी का लोकार्पण करते हुए सीएम योगी ने कहा कि यूपी में डबल इंजन की सरकार है। पीएम मोदी के आने के बाद देश के अंदर सड़े खाद्यान्न से एथेनाल बनाने के कार्यक्रम को अनुमति दी। यूपी में पहले 42 लाख लीटर बनाता था। अब यूपी में 177 करोड़ लीटर एथेनाल बन रहा है। केयान डिस्टिलरी में वर्तमान में 3 लाख लीटर का उत्पादन हो रहा है, भविष्य में 5 लाख लीटर एथेनाल का उत्पादन होगा। दो बेटियों को नियुक्ति पत्र दिया। दोनों गोरखपुर की है। स्थानीय लोगों को मेहनत से काम करना चाहिए। जिससे कोई प्रश्न चिन्ह नहीं लगा सके।

योगी ने कहा कि प्लांट से किसानों को निश्चित आय का साधन मिलेगा। धान, गेंहू, मक्का और पराली का यहां खरीद होगा। पराली 10 रुपये किलो की दर से डिस्टिलरी खरीदेगी। योगी ने कहा कि गेंहू से डंठल से भूसा बनाएं शेष को यहां बेच दें। इसके लिए समितियों का गठन करना होगा। 1200 करोड़ से डिस्टिलरी बनी है। 4000 को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिला। गीडा में पहले विवाद अधिक होता था। कोई निवेश नहीं करता है।

8 वर्ष में गीडा में हुआ 15000 करोड़ का निवेश

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 15000 करोड़ के निवेश से 50 हजार लोगों को रोजगार मिला है। प्लास्टिक पार्क, गारमेंट पार्क के साथ फ्लैटेड फैक्ट्री यहां आ रही है। लोग गोरखपुर में निवेश करना चाहते हैं। यूपी में निवेश सुरक्षा की गारंटी है। बलिया से आकर गोरखपुर आकर विनय सिंह ने यहां डिस्टिलरी की स्थापना की है। विश्वास पर खरा उतरना अहम है। तकनीक से हर उद्योग जीरो डिस्चार्ज पर हो सकता है। हमें पर्यावरण को बचाते हुए ग्रीन एनर्जी पर जोर देना होगा। योगी ने कहा कि खुद ऊर्जा का उत्पादन कर आत्मनिर्भर कर सकते हैं, आसपास का इलाका भी रोशन हो सकता है। नदियों को सुरक्षित रखने पर जोर देना होगा। आमी नदी की निमर्लता को बनाए रखने की जरूरत है।

उद्योग के साथ आस्था का विकास हो रहाः रवि किशन

सांसद रवि किशन शुक्ला ने कहा कि अयोध्या, काशी से लेकर प्रयागराज में आस्था का विकास हो रहा है। गीडा में पिछली सरकार में स्लाटर हाउस बनना था। अब यहां कई फैक्ट्रियां लग रही हैं। सांसद ने कहा कि केयान फैक्ट्री लगाने वाले विनय सिंह दिल्ली में 1200 रुपये मासिक पर नौकरी कर रहे थे। आज गीडा में उन्होंने मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से 1200 करोड़ रुपये का निवेश का डिस्टिलरी लगा दिया। एथेनाल प्लांट से पराली को अच्छा दाम बनेगा। सड़े अनाज को यहां खरीदा जाएगा। इससे एथेनाल बनेगा। दो साल में यूनिट शुरू होना था। तय समय से पहले यूनिट का शुभारंभ हो गया। सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि आठ वर्षों में गीडा का समग्र विकास हो रहा है। सहजनवा के लोगों को यह रोजगार मिला है। पिछले 27 साल में चुनिंदा फैक्ट्रियां गीडा में थीं। आज गीडा के कॉलेजों में पढ़े बच्चों का दुनिया की बड़ी कंपनियों में प्लेसमेंट मिला है। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में पांच मंदिर का जीर्णोद्धार हो रहा है। उद्योग के साथ ही आस्था का भी विकास हो रहा है।

सीएम की प्रेरणा से लगी यूनिट

केयान इंडस्टिलरी के एमडी विनय सिंह ने कहा कि 1200 करोड़ की लागत से बनकर तैयार डिस्टिलरी में 3 लाख लीटर एथेनाल का उत्पादन होगा। मक्का, धान की भूसी के साथ ही पराली से एथेनाल बनेगा। सभी उपकरण विश्वस्तरीय है। एनजीटी के मानक को पूरा कर रहे हैं। पशुओं का पौष्टिक आहार भी हम देंगे। यूनिट में 4000 लोगों को सीधा रोजगार मिल रहा है। श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से यूनिट लगा है।

मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र दिया

केयान डिस्टिलरी में 4000 को रोजगार मिला है। इनमें से मनीषा पांडेय, निकिता श्रीवास्तव, दिवाकर सिंह, पंकज शर्मा को मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिला है।

Tags:    

Similar News