Gorakhpur News: अधिकारी ने कहा- बुजुर्ग हो, ठीक से रहो। नहीं तो...

Gorakhpur News: नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल मंगलवार की सुबह बिछिया में निरीक्षण को आए थे। वहां ताड़ीखाना के पास वह खुद ट्रैफिक जाम में फंस गए। सड़क पर बह रहे गंदे पानी से होकर उन्हें गुजरना पड़ा

Update: 2024-02-20 14:36 GMT

Gorakhpur News (Pic:Newstrack) 

Gorakhpur News: यूपी के गोरखपुर में नगर निगम द्वारा 26वीं वाहिनी पीएसी से लेकर अकोलवा तक चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर लोगों ने भेदभाव का आरोप लगाया है। कई ऐसे लोगों का पक्का निर्माण अतिक्रमण के नाम पर हटाया गया, जो अपनी हद में थे। इतना ही नहीं अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने कुछ व्यापारियों से बदसलूकी भी की। व्यापारियों ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कही है।

नगर निगम के अतिक्रमण अभियान में भेदभाव का आरोप

नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल मंगलवार की सुबह बिछिया में निरीक्षण को आए थे। वहां ताड़ीखाना के पास वह खुद ट्रैफिक जाम में फंस गए। सड़क पर बह रहे गंदे पानी से होकर उन्हें गुजरना पड़ा। इसके बाद उन्होंने अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह को दोपहर तीन बजे से पूरे दस्ते के साथ अतिक्रमण अभियान चलाने का निर्देश दिया। तीन बजे पहुंची टीम करीब एक घंटे तक पुलिस का इंतजार करने के बाद अतिक्रमण हटाने निकली। सबसे पहले सड़क की तरफ निकले सुरेन्द्र यादव के टिन शेड को तोड़ा। इसके बाद सब्जी मंडी तक होर्डिंग को हटाया गया।

होर्डिंग तोड़ने में काट दी बिजली

व्यापारियों ने इस दौरान भेदभाव का आरोप लगाया। एक व्यापारी ने कहा कि गोकुल मिठाई की दुकान पर छज्जा भी सड़क पर था लेकिन उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद टीम ने ताड़ीखाना के पास नाली के दूसरे तरफ के पक्के निर्माण को भी तोड़ दिया। अतिक्रमण अभियान के दौरान आटा चक्की की बिजली भी कट गई। दुकानदार अनिल पोद्दार ने बताया कि गेंहू नहीं पीसा जा सका। बिजली विभाग के अधिकारी भी नहीं सुन रहे हैं। तार में करंट भी है। कभी भी हादसा हो सकता है।

दो पब्लिक स्कूलों पर मेहरबानी

एक व्यापारी ने विरोध किया तो अधिकारी ने कहा, बुजुर्ग हो, ठीक से रहो। नहीं तो ठीक कर देंगे। इसके बाद टीम ने आधा दर्जन से अधिक के निर्माण को तोड़ दिया। दुकानदार मनोज यादव ने बताया कि टिन शेड नाली के काफी अंदर था। इसके बाद भी तोड़ दिया। अभियान के दौरान दो पब्लिक स्कूलों के अतिक्रमण को पूरी तरह नजर अंदाज कर दिया गया। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि बिछिया पीएसी गेट से लेकर ताड़ीखाना रोड पर करीब दो किमी तक अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान दुकानदारों से 42500 रुपये जुर्माना वसूला गया। 

Tags:    

Similar News