Gorakhpur News: पंकज चौधरी बोले - सपा-कांग्रेस के भ्रमजाल पर भारी पड़ा नरेन्द्र मोदी के प्रति जनता का अटूट भरोसा

Gorakhpur News: गोरखपुर में रविवार को भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में भारत सरकार के वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान और गोरखपुर क्षेत्र के नव निर्वाचित सांसदों का स्वागत किया गया।

Update:2024-07-07 19:33 IST

Gorakhpur News (Pic: Newstrack)

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में रविवार को भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में भारत सरकार के वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान और गोरखपुर क्षेत्र के नव निर्वाचित सांसदों का स्वागत किया गया। क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय की अध्यक्षता में संपन्न हुए स्वागत कार्यक्रम में भाजपा के विधायक गण, नगर निकायों के अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, गोरखपुर क्षेत्र के पदाधिकारी, मोर्चों के क्षेत्रीय अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि विरोधियों ने संविधान से लेकर रुपये का लालच देकर वोटरों को भ्रम में डालने की कोशिश की। लेकिन पीएम नरेन्द्र मोदी के प्रति जनता का विश्वास है कि लगातार तीसरी बार भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए को सत्ता मिली है।

समारोह को संबोधित करते हुए महराजगंज के सांसद व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जीत का पूरा श्रेय कार्यकर्ताओं को जाता है। इसलिए भाजपा के देव तुल्य कार्यकर्ता ही सम्मान के असली हकदार हैं। कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश में साल में हुए विकास कार्य और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच गई थी। जबकि विपक्ष ने जनता में भ्रम फैलाकर सत्ता हथियाने की कोशिश की। 2024 के लोकसभा चुनाव में मिली सफलता को भाजपा की बड़ी जीत बताते हुए केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि विकास के लिए देश में राजनीतिक स्थिरता जरूरी है। ऐसे में अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में देश और तेजी से प्रगति करेगा। उन्होंने पार्टी नेताओं से एक दूसरे पर आरोप, प्रत्यारोप त्यागकर खुद का आत्म मंथन करने की नसीहत भी दी।

केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री व बासगांव सांसद कमलेश पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि मैं एक राजनीतिक परिवार से हूं। खुद 25 साल से जनता के बीच हूं और जरूरतमंदों की सेवा में तत्पर रहता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे अपने मंत्रिमंडल में शामिल करके मेरे परिवार और बासगांव लोकसभा क्षेत्र की जनता का मान सम्मान बढ़ाया है, जिसके लिए आजीवन ऋणी रहूंगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना हमारे जैसे कार्यकर्ता के लिए गौरव की बात है। केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री ने चुनाव के दौरान की चुनौतियों की चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं की चिंता करने पर जोर दिया। परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से जिम्मेदारी का निर्वहन करने की प्रतिबद्धता जताई। गांवों के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ने का भरोसा दिलाया।

सम्मान समारोह को डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल, कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दुबे, देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने संबोधित करते हुए पार्टी नेतृत्व, भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। संचालन क्षेत्रीय मंत्री जनार्दन तिवारी ने किया।

छह में से दो सांसदों का मंत्री बनना क्षेत्र के लिए गर्व की बात

दोनों केंद्रीय मंत्रियों और नव निर्वाचित सांसदों का स्वागत करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में गोरखपुर क्षेत्र से छह सांसद ही निर्वाचित हुए हैं। इनमें से दो को अपने मंत्रिमंडल में शामिल कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना भरपूर स्नेह और आशीर्वाद दिया है। इसके लिए पार्टी का एक एक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभारी है। उन्होंने देश में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को साधुवाद दिया।  

Tags:    

Similar News