Gorakhpur News: गोरखपुर में फिल्मी अंदाज में कार पर बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां, दो पक्षों में कुछ दिन पहले हुआ था विवाद

Gorakhpur News: कार पर छह से सात राउंड फायरिंग हुई है। कार में बैठा व्यक्ति बाल-बाल बच गया। गोली की आवाज सुनकर हड़कंप मच गया। हर कोई सुरक्षित होने के लिए इधर-उधर भागने लगा।

Update:2024-10-03 15:44 IST

रामगढ़ताल थाने में खड़ी कार: Photo- Newstrack

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में गीडा थाना क्षेत्र के वीआईपी इलाके सर्किट हाउस के पास बाइक सवार बदमाशों ने कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर दहशत फैला दी। कार पर गोलियों के कई निशान हैं। बताया जा रहा है कि कार पर छह से सात राउंड फायरिंग हुई है। कार में बैठा व्यक्ति बाल-बाल बच गया। गोली की आवाज सुनकर हड़कंप मच गया। हर कोई सुरक्षित होने के लिए इधर-उधर भागने लगा। रामगढ़झील के आसपास के इलाके में चंद मिनटों में सन्नाटा दिखने लगा।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी

घटना की सूचना पाकर सीओ कैंट योगेन्द्र सिंह और गीडा थानेदार चितवन कुमार भी मौके पर पहुंचे। मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि दो पक्षों में कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। जिसे लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है।

बताया जा रहा है कि गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र के विनय कन्नौजिया किसी काम से गोरखपुर सर्किट हाउस पहुंचे हुए थे। इस दौरान दो युवकों ने उसकी कार पर फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनकर मौके पर हड़कंप मच गया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंचे सीओ कैंट मामले की जांच कर रहे हैं। युवक से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने गाड़ी को गीडा थाने में खड़ी करा दी है।

मुख्यमंत्री चंद घंटे में गोरखपुर पहुंचने वाले हैं

घटना को लेकर पुलिस भी सकते में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चंद घंटे में गोरखपुर पहुंचने वाले हैं। इसे लेकर पुलिस हाई एलर्ट पर थी। ऐसे में इस घटना ने पुलिस महकमे को सकते में डाल दिया है। बता दें कि सीएम योगी गोरखनाथ मंदिर में कलश स्थापना करेंगे। इसके बाद मंदिर में शुरू होगा 10 दिवसीय महाअनुष्ठान।

योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में कलश यात्रा निकलनी हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नगर निगम के मोबाइल टॉयलेट का लोकार्पण करने के साथ ही सीवेज और डोर टू डोर की गाड़ियों को हरी झंडी दिखाएंगे। मुख्यमंत्री को पार्क रोड पर होलसेल मार्ट का शुभारंभ भी करना है। 

Tags:    

Similar News