Gujarat Election 2022: गुजरात के मतदाताओं से अखिलेश की अपील, भाजपा के षड्यंत्रकारी पंजों से बाहर आएं

Gujarat Assembly Election 2022: अखिलेश यादव ने गुजरात विधानसभा सामान्य निर्वाचन वर्ष 2022 में समाजवादी प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन मांगते हुए कहा कि भाजपा अलोकतांत्रिक और अमर्यादित राजनीति का गिरोह बन गयी है।

Written By :  Anant kumar shukla
Update: 2022-11-28 14:37 GMT

Gujarat Assembly Election 2022 SP (Social Media)

Gujarat Assembly Election 2022: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुजरात विधानसभा में समाजवादी प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन मांगते हुए कहा कि भाजपा अलोकतांत्रिक और अमर्यादित राजनीति का गिरोह बन गयी है। भाजपा सत्ता की भूख मिटाने के लिए संवैधानिक और लोकतांत्रिक मर्यादायें तोड़ रही है। गुजरात की विधानसभा में समाजवादी पार्टी संविधान को बचाने तथा गांव-गरीब की आवाज उठाने और दलित, वंचितों की समस्याओं का सरकार को आईना दिखाने का काम करेगी।

यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रदेश में प्रत्येक वर्ग के मतदाताओं से कहा कि, प्रदेश और देश को बचाने के लिए आगे आयें और भाजपा के षड्यंत्रकारी पंजों से मुक्त करायें। भाजपा समाज को तोड़ने का काम करती है। भाजपा की कुनीतियों और जनविरोधी कृत्यों को जनता के सामने बेनकाब करना हम सबकी जिम्मेदारी है। भाजपा के रहते देश-प्रदेश का न तो विकास हो सकता है और नहीं समाज में सद्भाव, सौहार्द कायम रह सकता है। भाजपा सरकार पूंजीपतियों की पक्षधर है।

उन्होने कहा कि लोकतंत्र में मतदाताओं के ही बलबूते पर, जनता द्वारा ही सत्ता सौंपी जाती है और जनता के द्वारा उसी सत्ता को छीना भी जाता है। मतदाताओं के मतपत्रों से ही सत्ता का परिवर्तन भी होता है। अपनी योग्यता और क्षमता के बलबूते गुजरात प्रदेश को अग्रणी बनाने वाले गुजरात निवासियों के लिए आज एक अवसर आया है, कि वह पूछे क्या हुआ तेरा वादा?

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होने कहा कि पूरे देश में गुजरात मॉडल का जो ढ़िढोरा पीटा था, अब उस मॉडल की सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है। छोटी, मझोली 20 कम्पनियां बन्द हो गई। खाद, बीज, कीटनाशक दवाइयाँ, विद्युत आदि के दाम आसमान छू रहे। खेती घाटे में चल रही है। छुट्टा जानवर खेती को बर्बाद कर रहे हैं। भाजपा का गुजरात मॉडल धोखा है। विकास समाजवादी मॉडल से ही हो सकता है।

सरकारी आंकड़े

सरकारी स्रोतो का हवाला देते हुए उन्होने कहा कि गुजरात विभिन्न राज्यों के मुकाबले पिछड़ रहा है। हजार नवजात शिशुओं में मृत्यु दर 31.2 प्रतिशत है जो कि केरल, बंगाल से भी नीचे है। गुजरात 19वें रैंक में है। कुपोषित बच्चों में गुजरात 26 वें रैंक पर है। खेती-किसानी और रोजगार में गुजरात अब अन्य राज्यों से पीछे जा रहा है।

वादों को भूली भाजपा

भाजपा पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि नोटबन्दी, जी0एस0टी0 से पूरे देश की जनता पर बहुत बुरा असर पड़ा है। हरेक के खाते में 15-15 लाख रू0 जमा होने का वादा था आज तक एक रूपया भी खाते में नहीं आया। किसान की आय दुगनी करने का वादा भी कोरा वादा साबित हुआ। भाजपा ने सभी किसानों की ऋण माफी योजना की घोषणा की जो एक मजाक बन कर रह गया है।

बेरोजगार नौजवान

अखिलेश ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 2 करोड़ नौजवानो को नौकरी मिलेगी, ऐसा वादा किया था, अब तक उनके वादे के हिसाब से 18 करोड़ से ज्यादा लोग नौकरी पा जाते परन्तु नौजवानों की बेरोजगारी नहीं गई। कालाधन आज तक वापस नहीं आया।

सपा ने किया इंफ्रास्ट्रक्चर डेवबपमेंट का काम

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में 302 किलोमीटर का एक्सप्रेस-वे 22 माह में पूरा होने का रिकार्ड बनाया था। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे लखनऊ से बलिया तक का निर्माण कार्य 50 जनपदो को फोर-लाइन सड़क मार्ग से जोडने का काम हुआ। छोटे बड़े 500 अस्पतालों का निर्माण कराया गया। राजधानी लखनऊ में मेट्रो रेल चलाई गयी। लखनऊ, इलाहाबाद, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, वृन्दावन, मथुरा, अयोध्या, आगरा, गाजियाबाद में कई बड़ी विकास योजनाओं को पूर्ण कराया गया। शहरो में सुविधाएं विकसित की गई।

उन्होने बताया कि लखनऊ में 375 एकड़ का जनेश्वर मिश्र पार्क, रेलवे ब्रिज, जयप्रकाश नारायण अन्तर्राष्ट्रीय केन्द्र एवं लखनऊ के इमामबाड़ा, घंटाघर, तालाब आदि का सौंदर्यीकरण, गोमती के किनारे रिवरफ्रण्ट, 102, 108 एम्बुलेंस सेवा, 1090 वूमेन सेवा, यू0पी0 100 पुलिस सेवा, दुर्घटना बीमा योजना, मुफ्त सिचांई योजना, जनेश्वर मिश्र ग्राम विकास योजना, लोहिया ग्राम विकास योजना, लोहिया आवास योजना, 5 नये मेडिकल कालेज, 9 मेडिकल कालेज निर्माणाधीन, कामधेनु डेरी योजना, 18 घण्टे विद्युत व्यवस्था आदि विकास कार्य किये गये थे। उत्तर प्रदेश की सत्ता में भाजपा आते ही राजनीतिक प्रतिशोध की वजह से समाजवादी योजनाओं को बन्द कर दिया गया।

Tags:    

Similar News