Hapur: संसाधनों की कमी से जूझ रहा दमकल विभाग, बीते वर्ष हो चुके हैं 281 आग लगने के हादसे

Hapur: साल 2024 में जनपद में आग लगने के कुल 138 मामले सामने आए थे। इन सभी जगहों पर दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया था।

Report :  Avnish Pal
Update: 2024-05-06 11:48 GMT

हापुड़ में संसाधनों की कमी से जूझ रहा दमकल विभाग (न्यूजट्रैक)

Hapur News: गर्मी का मौसम आते ही जनपद में आग लगने की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। कई जगहों पर किसानों की फसलें आग की भेंट चढ़ चुकी हैं, लेकिन अग्निशमन महकमा कर्मचारियों की कमी और संसाधनों के अभाव से जूझ रहा है। इसके चलते पूरे जनपद में घटनाओं पर नियंत्रण करना चुनौती बना हुआ है। जिसको लेकर अन्य जनपदो से दमकल की गाड़ी को बुलाया जाता हैं। कई जगह एक साथ आग लग जाने पर बड़ा नुकसान हो जाता है। जनपद की लगभग 14 लाख की आबादी को आग से बचाने के लिए महकमे के पास महज तीन फायर स्टेशन हैं। जिनमें एक नगर में, दूसरा धौलाना और तीसरा गढ़मुक्तेश्वर में है। इन सेंटरों में भी कर्मचारियों की कमी है। कम स्टाफ के सहारे ही विभाग आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंच कर आग पर काबू करने का प्रयास करता है।

गर्मी आते ही बढ़ने लगे आगजनी के मामले

किसानों की फसलों में आग लगने के मामले सबसे अधिक हैं।इनमें भी आग लगने की मुख्य वजह खेतों के ऊपर से निकली हाई टेंशन लाइनें हैं। कई बार तार टूटकर गिरने से स्पार्किंग आदि के चलते खेतों में आग लग जाती है। इसके अलावा कई बार लोगों की लापरवाही भी आग का कारण बनती है। जिसमें धूम्रपान पान विशेष कारण बनता है।

आग की लपटों से हो चुकी हैं अब तक 138 घटनाएं

साल 2024 में जनपद में आग लगने के कुल 138 मामले सामने आए थे। इन सभी जगहों पर दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया था। कई जगहों पर लोगों का कहना था कि सूचना के बाद भी समय से दमकल विभाग की टीम समय से नहीं पहुंच पाई। वहीं बीते साल 2023 मे आग लगने के 281 मामले सामने आए थे।जिनमें अधिकतर मामले, दुकान, घरों व फसलों में आग लगने के हैं।

क्या बोले अग्निशमन विभाग के अधिकारी

अग्निशमन सीओ मनु शर्मा ने बताया कि विभाग में कई महत्वपूर्ण पद खाली हैं। जिसमें की स्टॉफ में अभी एक सीएफओ, तीन एफएसओ, नौ लिडिंग फायरमैन, चौदह चालक, 29 फायरमैन मौजूद हैं। इतने स्टॉफ से भी बेहतर काम हो रहा हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कमी पर डिमांड भेजी जा चुकी है। मुख्यालय से नियुक्तियों का इंतजार है। साल 2023 में 281 आग लगने की घटनाएं जनपद में हुई थीं। वहीं साल 2024 में अब तक 138 आग की घटनाएं हो चुकी हैं।

Tags:    

Similar News