Agra News: शौक ने बना दिया मल्टीनेशनल कंपनी के एचआर को लुटेरा, महिलाओं को बनाता था निशान

Agra News: पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बाइक, लूटी गई सोने की चेन, तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अभिषेक तमंचे का इस्तेमाल महिलाओं को डराकर चेन लूटने में करता था।

Report :  Rahul Singh
Update: 2023-03-10 11:18 GMT

File Photo of Accused with Agra Police (Pic: Newstrack)

Agra News: पुलिस ने एक ऐसे लुटेरे को गिरफ्तार किया है जो पेशे से मल्टीनेशनल कम्पनी का एच आर मैनेजर था, लेकिन शौक, मौज और अय्याशी करने के लिए उसने चेन स्नेचिंग करना शुरू कर दिया। शातिर युवक बाइक लेकर अकेले शहर में घूमता था। मौका मिलते ही महिलाओं के गले से सोने की चैन लूट लेता था। पुलिस की गिरफ्त में आये आरोपी का नाम अभिषेक ओझा है। अभिषेक पर शहर में दनादन चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक के कब्जे से बाइक, लूटी गई सोने की चेन, तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अभिषेक तमंचे का इस्तेमाल महिलाओं को डराकर चेन लूटने में करता था।

मौका मिलते ही गले से लूट लेता था चेन

अभिषेक सभ्रांत परिवार से ताल्लुक रखता है। उसके पिता पंजाब की एक बड़ी कम्पनी में ऊंचे पद पर कार्यरत हैं। अभिषेक खुद भी गुड़गांव की एक कम्पनी में एच आर मैनेजर था। अभिषेक को कम्पनी से 45 हजार सैलरी मिल रही थी, लेकिन शौक, मौज और अय्याशी करने की आदत ने उसे अपराधी बना दिया। पुलिस ने अभिषेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूछताछ में अभिषेक ने कई वारदातों का खुलासा किया है। आरोपी ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि उसने 8 नवम्बर 2022 को न्यू आगरा थाना क्षेत्र में सब्जी लेने जा रही महिला के गले से सोने की चेन लूटी थी। इसके बाद 7 मार्च को भी अभिषेक ने नगला हवेली में दूध लेने जा रही महिला के गले से सोने की चेन लूट ली थी।

पुलिस ने बरामद किए आरोपी के तमंचा और कारतूस   

न्यू आगरा के अलावा भी आरोपी ने सिकन्दरा और कमलानगर थाना क्षेत्र में लूट की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस उपायुक्त आगरा शहर ने बताया कि पीड़ित महिलाओं से आरोपी अभिषेक की शिनाख्त परेड भी करवाई जाएगी। आरोपी ने पूछताछ में संजू वर्मा सुनार का नाम बताया है। अभिषेक लूटी गई चेन को संजू वर्मा को बेचता था। आरोपी संजू वर्मा की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। पुलिस उपायुक्त शहर विकाश कुमार ने बताया कि अभिषेक ओझा नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अभिषेक एक कंपनी में एचआर मैनेजर था। शहर में महिलाओं के गले से चेन तोड़ने का काम कर रहा था। आरोपी के कब्जे से बाइक, लूटी गई चेन, तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है।

Tags:    

Similar News