Jalaun News: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, दो चचेरे भाइयों की मौत
Jalaun News: जालौन में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौके पर मौत, पढ़ाई कर लौट रहे थे घर, पुलिस जांच में जुटी, परिवार में मचा कोहराम।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, दो चचेरे भाइयों की मौत (Photo- Newstrack)
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकराकर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही जान चली गई।
पढ़ाई के लिए गए थे, लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहड़िया खुर्द निवासी पुष्पराज गाजियाबाद में अपनी बहन माधुरी के यहां रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहा था। उसके साथ उसका ममेरा भाई नितिन (19), निवासी ग्राम पांडेय मऊ, थाना भरवारी, जिला कौशांबी भी वहीं रहकर पढ़ाई कर रहा था। बुधवार रात दोनों युवक बाइक से अपने घर चित्रकूट लौट रहे थे।
एक्सप्रेसवे पर टक्कर से गई जान
गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे जब दोनों युवक बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के 174.6 किलोमीटर पर स्थित कैथेरी टोल प्लाजा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक समेत उछलकर डिवाइडर से जा टकराए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, परिवार में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। कोतवाली निरीक्षक आनंद कुमार सिंह के अनुसार, हादसे की जानकारी एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम द्वारा दी गई थी और मामले की जांच की जा रही है।
इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। गांव में शोक की लहर है और परिजन गहरे सदमे में हैं।