Jalaun News: जालौन में IPL सट्टा गैंग का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

Jalaun News: कोटरा पुलिस ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को पकड़ा, नकदी और मोबाइल बरामद, एक फरार।

By :  Uzma
Update:2026-04-24 19:43 IST

जालौन में IPL सट्टा गैंग का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कोटरा पुलिस ने आईपीएल मैचों के दौरान चल रहे ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में गिरोह के सरगना समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 37,470 रुपये नकद और सट्टेबाजी में इस्तेमाल किए जा रहे कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। हालांकि, एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

विशेष अभियान के तहत हुई कार्रवाई

कोटरा कोतवाली प्रभारी विमलेश कुमार के अनुसार, यह कार्रवाई शुक्रवार को चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि बाईपास तिराहे के पास कुछ लोग आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की और मौके से पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें गैंग सरगना अंशू अग्रवाल के अलावा जमील, खालिद, चंद्रशेखर नामदेव और यश कुमार शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि ये सभी मिलकर एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे थे और लंबे समय से सट्टेबाजी का कारोबार चला रहे थे।

वेबसाइट और ऐप के जरिए चलता था नेटवर्क

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवाते थे। गैंग का सरगना अंशू अग्रवाल मास्टर आईडी तैयार करता था, जिसे वह अपने साथियों को देता था। इन आईडी के जरिए कई क्लाइंट अकाउंट बनाए जाते थे, जिनके माध्यम से लाखों रुपये का लेनदेन किया जाता था। सट्टे की रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की जाती थी, जिससे इस नेटवर्क को ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News