Jalaun News: जालौन में इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम से आहत छात्रा ने की आत्महत्या

Jalaun News: जालौन के सुलखना गांव में इंटरमीडिएट परीक्षा में असफल होने से आहत 18 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

By :  Uzma
Update:2026-04-24 18:50 IST

Jalaun News

Jalaun News: जालौन क्षेत्र के ग्राम सुलखना में इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम से आहत एक 18 वर्षीय छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, ग्राम सुलखना निवासी राजबहादुर जाटव की पुत्री राधा गंभीर सिंह इंटर कॉलेज, छिरिया सलेमपुर की छात्रा थी और उसने बायोलॉजी वर्ग से इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे उसने अपना परीक्षा परिणाम देखा, जिसमें वह तीनों विषयों में असफल हो गई। परिणाम से आहत होकर वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई।

घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। पिता किसी काम से कोंच गए हुए थे, जबकि मां गुड्डी देवी पड़ोस में शोक संवेदना व्यक्त करने गई थीं। भाई शिवम भी घर से बाहर था। इसी दौरान छात्रा ने कमरे के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।कुछ देर बाद मोहल्ले की सहेलियां जब उसे बुलाने घर पहुंचीं तो दरवाजा बंद मिला। अंदर झांकने पर राधा को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया। आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।परिजनों के अनुसार, परीक्षा में असफल होने के कारण राधा ने यह कदम उठाया। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह ने छात्रा के फेल होने की पुष्टि की है, लेकिन घटना की विस्तृत जानकारी से अनभिज्ञता जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Tags:    

Similar News