Jalaun News: जालौन में युवक की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या का आरोप
Jalaun News: जालौन में ससुराल के बाहर अचेत मिले युवक की मौत, परिजनों ने जहर देकर हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी
Jalaun News: एट थाना क्षेत्र के ग्राम हरदोई गुर्जर निवासी 28 वर्षीय अनिल अहिरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार देर रात वह अपनी ससुराल इंदिरा नगर के बाहर अचेत अवस्था में मिला, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने ससुरालीजनों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि युवक गांव से ही जहर खाकर आया था।
जानकारी के अनुसार अनिल अहिरवार पुत्र रामबाबू मजदूरी करता था और वर्ष 2019 में उसकी शादी इंदिरा नगर निवासी क्रांति से हुई थी। दंपति के दो छोटे बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि पिछले करीब तीन वर्षों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जो कोर्ट तक पहुंच चुका था। बुधवार शाम अनिल अपने गांव से बिना बताए निकला और देर रात ससुराल के बाहर अचेत अवस्था में पड़ा मिला।
ससुराल पक्ष के लोग उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने ससुरालीजनों पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहर खाने का प्रतीत हो रहा है और युवक गांव से ही जहर खाकर आया था। फिलहाल किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।