Jalaun News: जालौन में भीषण गर्मी का अलर्ट, डीएम ने जारी की लू से बचाव की एडवाइजरी
Jalaun News: जालौन में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए डीएम ने लोगों को सतर्क रहने, अधिक पानी पीने और दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह दी है।
Jalaun News
Jalaun News: जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और संभावित हीटवेव (लू) के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आमजन से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस दौर में थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है, इसलिए सभी लोग सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि हीटवेव का असर सबसे अधिक बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, बीमार व्यक्तियों तथा खुले में काम करने वाले मजदूरों और किसानों पर पड़ता है। ऐसे में दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और शरीर को हाइड्रेट रखें। उन्होंने अधिक पानी, ओआरएस, छाछ, लस्सी और नींबू पानी जैसे तरल पदार्थों के सेवन पर जोर दिया, साथ ही हल्के व सूती कपड़े पहनने और सिर ढककर बाहर निकलने की सलाह दी।
प्रशासन ने खेतों और निर्माण स्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों के लिए छाया, पानी और विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए पर्याप्त बेड, दवाएं, ओआरएस और एम्बुलेंस की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया है। नगर निकायों को सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल, वाटर कूलर और छाया की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।डीएम ने बताया कि स्कूलों के समय में बदलाव, श्रमिकों के कार्य समय में समायोजन और पशुओं के लिए पानी-छाया की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि लू के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें और जागरूक रहकर खुद को सुरक्षित रखें।