Jalaun News: जालौन में तेज रफ्तार बस खंती में पलटी, महिला यात्री की मौत, चालक-परिचालक मौके से फरार

Jalaun News: एट क्षेत्र में कोंच से उरई जा रही प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलटी, हादसे में एक महिला की मौत और दर्जनभर यात्री घायल हुए।

By :  Afsar Haq
Update:2026-05-15 19:23 IST

जालौन में तेज रफ्तार बस खंती में पलटी, महिला यात्री की मौत, चालक-परिचालक मौके से फरार (Photo- Newstrack)

Jalaun News: जालौन में शुक्रवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोंच से उरई जा रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बस में फंसे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राइवेट बस हुई दुर्घटनाग्रस्त

जानकारी के अनुसार लल्ला ट्रैवल्स की प्राइवेट बस संख्या UP 92 AT 2087 कोंच से उरई की ओर जा रही थी। तभी एट कोतवाली क्षेत्र के उरई रोड स्थित हरदोई गूजर गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे खंती में जा पलटी। हादसे के तुरंत बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।

कई यात्रियों की हालत गंभीर

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भिजवाया। घायलों में कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका उपचार जारी है।

पुलिस मौके पर

महिला यात्री की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक और परिचालक की तलाश में जुटी हुई है। वहीं हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News