Jalaun News: जालौन के ग्राम मई में लाखों की चोरी, नकदी और जेवरात लेकर चोर फरार
Jalaun News: जालौन के ग्राम मई में अज्ञात चोरों ने एक घर से नकदी और लाखों के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: जालौन जनपद के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मई में बीती रात एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और चिंता का माहौल फैल गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ग्राम मई निवासी कन्हई सिंह पुत्र मुलू सिंह के घर में मंगलवार रात करीब 11 बजे से सुबह 3 बजे के बीच चोर घुस आए। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे लगभग एक लाख रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में तीन सोने की चेन, छह सोने की अंगूठियां, दो मंगलसूत्र, एक जोड़ी झाले, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी सुई-धागा और पांच जोड़ी चांदी की पायल शामिल हैं। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, जिससे किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी।
सुबह खुला वारदात का राज
सुबह करीब साढ़े तीन बजे जब कन्हई सिंह की नींद खुली तो उन्होंने कमरे का ताला टूटा देखा। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था और कीमती जेवरात व नकदी गायब थे। बाद में घर के पीछे खेतों में बक्सा और सूटकेस पड़े मिले, जिससे साफ हो गया कि चोरों ने वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया है।
पुलिस जांच में जुटी, गांव में दहशत
घटना की जानकारी तुरंत डायल-112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए जल्द से जल्द खुलासे की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।