Jalaun News: जालौन समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं
Jalaun News: उरई तहसील में आयोजित समाधान दिवस में 41 शिकायतें पहुंचीं, 12 का मौके पर निस्तारण हुआ, खतौनी में नाम सुधार कर फरियादियों को राहत मिली।
जालौन समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं (Photo- Newstrack)
Jalaun News: जालौन। उरई तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस (Samadhan Diwas) में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय (Rajesh Kumar Pandey) एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह (Vinay Kumar Singh) ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
समाधान दिवस में डीएम एसपी ने फरियादियों की सुनीं समस्याएं
शनिवार को तहसील परिसर में डीएम एसपी की अध्यक्षता में समाधान दिवस में कुल 41 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम रंगोली निवासी कमलेश तथा मुलुपुरा निवासी श्रीराम ने खतौनी में नाम गलत दर्ज होने की शिकायत प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल नाम संशोधन की कार्रवाई कराई और स्वयं अपने हाथों से संशोधित खतौनी दोनों फरियादियों को सौंप दी। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से फरियादियों ने संतोष व्यक्त किया।
स्टॉलों का निरीक्षण किया किया गया
समाधान दिवस के उपरांत डीएम और एसपी ने क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद स्वास्थ्य, कृषि एवं समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, उप जिलाधिकारी ज्योति सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।