Jalaun News: जालौन में लोडर और बाइक की टक्कर में बड़े भाई की मौत, छोटा भाई घायल

Jalaun News: जालौन के माधौगढ़ क्षेत्र में तेज रफ्तार लोडर और बाइक की टक्कर में बड़े भाई की मौत हो गई जबकि छोटा भाई घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

By :  Afsar Haq
Update:2026-05-29 20:01 IST

Jalaun News

Jalaun News: तहसील क्षेत्र के थाना रामपुरा अंतर्गत ग्राम गुढ़ा वेरा निवासी रामवरन सिंह सेंगर (40) की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनका छोटा भाई संजय सिंह (28) घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, दोनों भाई बाइक से धमना निवासी भोला सिंह भदौरिया के यहां आयोजित रामायण पाठ के निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

जैसे ही उनकी बाइक ऊमरी रोड स्थित गदराई गांव के पास बचपन स्कूल के सामने पहुंची, तभी माधौगढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे लोडर ने बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।सीएचसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद रामवरन सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल संजय सिंह का उपचार किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Tags:    

Similar News