Jalaun News: तूफान का कहर , उड़कर गिरा शेड, छत पर सो रहा परिवार घायल, बिजली व्यवस्था ध्वस्त
Jalaun News: जालौन में आए तेज तूफान से शेड उड़कर गिर गया, जिससे छत पर सो रहा परिवार घायल हो गया। कई इलाकों में बिजली व्यवस्था भी ठप हो गई।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में शनिवार रात आए तेज तूफान और बारिश ने शहर सहित जिलेभर में भारी तबाही मचा दी। शहर के मोहल्ला इंदिरा नगर में तेज आंधी के दौरान उड़कर आए तीन टीन शेड छत पर सो रहे परिवार पर गिर पड़े, जिससे एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पड़ोसियों ने तुरंत पहुंचकर मलबा हटाया और घायलों को बाहर निकाला। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदिरा नगर निवासी उमा देवी का परिवार रात में मकान की छत पर सो रहा था। तभी अचानक तेज आंधी के साथ आए तूफान में पास के मकानों से उड़कर तीन बड़े शेड उनकी छत पर आ गिरे। हादसे में उमा देवी के पति समेत तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उमा देवी बाल-बाल बच गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।
वहीं तेज आंधी और बारिश का असर पूरे जिले में देखने को मिला। कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े, जबकि बिजली के पोल और तार टूट जाने से विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कई इलाकों में रातभर अंधेरा छाया रहा। बिजली विभाग की टीमें देर रात से ही आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं। अधिकारियों के अनुसार क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत का कार्य लगातार जारी है।