Jalaun News: जालौन में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
Jalaun News: जालौन पुलिस ने आईपीएल पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, मोबाइल और बेटिंग आईडी बरामद हुईं।
जालौन में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Jalaun News: जालौन। सिरसाकलार थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा एवं जुआ खिलाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, नगदी तथा मोबाइलों में संचालित सात ऑनलाइन बेटिंग आईडी बरामद हुई हैं। साथ ही करीब 2 लाख 25 हजार रुपये के संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन का विवरण भी पुलिस को प्राप्त हुआ है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी तथा क्षेत्राधिकारी जालौन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी वरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि छानी रोड स्थित ग्राम छानी अहीर के पास बरगद के पेड़ के नीचे कुछ युवक आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने का काम कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बेटिंग आईडी बनाकर लोगों को बेचते थे
गिरफ्तार आरोपियों में आशिक पुत्र नस्सरखी निवासी गुपलापुर, आरिफ पुत्र रियासत निवासी गुपलापुर तथा पंकज सिंह पुत्र कृष्णपाल सिंह निवासी सिरसाकलार शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऑनलाइन वेबसाइटों के माध्यम से बेटिंग आईडी बनाकर लोगों को बेचते थे।
आईडी और पासवर्ड व्हाट्सएप के जरिए भेजे जाते थे तथा पुरानी आईडी को डिएक्टिवेट कर नई आईडी तैयार की जाती थी, ताकि पुलिस की पकड़ से बचा जा सके। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सिरसाकलार में मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी वरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अरविंद सिंह, कांस्टेबल अमित दुबे, राकेश कुमार तथा आलोक कुमार शामिल रहे।