Jaunpur news: घर में हुआ ब्लास्ट, मकान मलबे में तब्दील, चार घायल

पुलिस का कहना है कि घर में रखे LPG सिलेंडर में धमाका हुआ, जबकि मौके से पुलिस न गांव वालों को ब्लास्ट हुए सिलेंडर का एक भी कतरा बरामद हुआ है। ऐसे में ब्लास्ट की वजह संदिग्ध भी हो सकती है।

Report :  Kapil Dev Maurya
Update: 2023-03-06 06:23 GMT

विस्फोट के बाद मलबे में तब्दील मकान. photo: newstrack network

Jaunpur news: जौनपुर के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के दीपापुर गांव में कथित तौर पर घरेलू गैस के सिलेंडर में ब्लास्ट होने की घटना सामने आई है। यहां एक घर के अंदर सोमवार की देर रात करीब 2:30 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में ब्लास्ट होने से समूचा पक्का मकान मलबे में तब्दील हो गया है। ब्लास्ट से परिवार के 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें वाराणसी के एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घर का सारा सामान धमाके से लगी आग में जल गया है। पुलिस का मानना है कि ब्लास्ट गैस सिलेंडर के लीक होने से हुआ है। लेकिन ब्लास्ट के दौरान गैस सिलेंडर का एक भी टुकड़ा पुलिस बरामद नहीं कर सकी है।

दो किलोमीटर तक सुनाई दी ब्लास्ट की आवाज

जानकारी के मुताबिक दीपापुर गांव में पारस सोनकर का पक्का मकान है। पारस सोनकर सब्जी एवं ईख का रस बेचकर जीवन यापन करते हैं। सोमवार की रात 2:30 बजे पारस सोनकर का पक्का मकान ब्लास्ट होने से मलबे में तब्दील हो गया। ग्रामीणों की माना जाए तो रात में ब्लास्ट की आवाज 2 किलोमीटर तक सुनाई दी थी। सूचना पर रात में ही थानाध्यक्ष रमेश मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां मकान मालिक पारस सोनकर 26 वर्ष, पत्नी कविता 24 वर्ष, 1 वर्ष का बेटा कार्तिक सोनकर गंभीर रूप से झुलसकर तड़प रहे थे। मकान का मलबा गिरने से पारस की मां राधिका देवी 48 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं। सभी लोगों को पुलिसकर्मियों ने उठाकर आनन-फानन में वाराणसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

संदिग्ध हो सकता है ब्लास्ट

पुलिस की माना जाए तो घर के अंदर रसोई गैस सिलेंडर का रिसाव होने से ब्लास्ट हो गया और ब्लास्ट होते ही पूरा का पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। पक्के मकान में रखा कपड़ा भी आग में जल गया था। लेकिन जो सिलेंडर ब्लास्ट हुआ उसका एक टुकड़ा भी पुलिस अभी तक बरामद नहीं कर सकी है। जिसके कारण पूरा का पूरा ब्लास्ट ही संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आसपास के ग्रामीणों की माना जाए तो घर के अंदर सिलेंडर नहीं बल्कि और कुछ खेल रात के अंधेरे में किया जा रहा था। जिसके कारण इतना बड़ा ब्लास्ट हुआ है क्योंकि ब्लास्ट की आवाज 2 किलोमीटर तक सुनाई दी थी। घर के अंदर रसोई गैस का एक सिलेंडर और पुलिस ने बरामद किया है जो सही हालत में पाया गया लेकिन जो सिलेंडर ब्लास्ट होना बताया जाता है उसका एक भी अंश अभी तक न तो ग्रामीणों ने देखा और ना ही पुलिस बता पा रही है। ऐसा लगता है कि घर के अंदर हुई ब्लास्ट को पुलिस छुपाने की कोशिश कर रही है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष रमेश मिश्रा ने बताया कि घर के अंदर रसोई गैस सिलेंडर के रिसाव होने से यह ब्लास्ट हुआ है। रात 2:30 बजे मैं पहला व्यक्ति हूं जो पहुंचा था। जब उनसे यह पूछा गया कि ब्लास्ट वाला सिलेंडर मिला कि नहीं तो उन्होंने साफ-साफ बताया कि मैं इतना विशेषज्ञ नहीं हूं कि उस सिलेंडर को खोज सकूं। फिलहाल 4 लोग घायल हैं जिसमें मकान मालिक पारस उनकी पत्नी और उनका बेटा 70 फ़ीसदी झुलस गया है और उनकी मां मलबे के गिरने से गंभीर रूप से घायल है। पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है।

Tags:    

Similar News