Jaunpur News: गौरव यादव बने पंजाब मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, जिले में खुशी की लहर
Jaunpur News: गौरव यादव का जन्म जौनपुर के नौपेड़वा बेलापार गाँव में हुआ। उनके पिता सेवानिवृत्त कर्नल भगवती प्रसाद यादव हैं, जो फिलहाल लखनऊ में निवास करते हैं।;
jaunpur news
Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की धरती ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यहां की प्रतिभाएं देश के उच्च पदों तक पहुँचने में सक्षम हैं। जिले के नौपेड़वा बेलापार गाँव के सपूत और 1992 बैच के पंजाब कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी गौरव यादव को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। इस बड़ी उपलब्धि से न केवल उनके गाँव, बल्कि पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।
प्रतिभा की मिसालः गौरव यादव का सफर
गौरव यादव का जन्म जौनपुर के नौपेड़वा बेलापार गाँव में हुआ। उनके पिता सेवानिवृत्त कर्नल भगवती प्रसाद यादव हैं, जो फिलहाल लखनऊ में निवास करते हैं। गौरव यादव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कानपुर, लखनऊ और दिल्ली से प्राप्त की और 1992 में भारतीय पुलिस सेवा (प्च्ै) में चयनित हुए। अपने अब तक के करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया, जिनमें पंजाब के डीजीपी का पद भी शामिल है। वर्तमान में वह पंजाब पुलिस के मॉडर्नाइजेशन विंग का नेतृत्व कर रहे हैं।
परिवार और जिले में जश्न का माहौल
उनकी इस नई भूमिका को लेकर परिवार में उत्सव का माहौल है। गौरव यादव के चाचा आदित्य नारायण यादव ने बताया कि यह पूरे गाँव और परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि गौरव यादव के ससुर पीसी डोगरा भी पंजाब के पूर्व डीजीपी रह चुके हैं, जिससे प्रशासनिक पृष्ठभूमि का अनुभव उन्हें विरासत में भी मिला है। गौरव यादव को एक ईमानदार, सख्त और दूरदर्शी प्रशासक के रूप में जाना जाता है। उनकी नियुक्ति को राज्य प्रशासन में पारदर्शिता और कुशलता के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
राष्ट्रीय पटल पर जौनपुर का नाम फिर रोशन
गौरव यादव की इस उपलब्धि ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि जौनपुर की मिट्टी में जन्मे लोग अपने संघर्ष और मेहनत से देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकते हैं। उनकी सफलता जिले के युवाओं को प्रेरणा देने का काम करेगी।