Jhansi News: 13 मई को सुबह 8 बजे शुरू होगी यूपी निकाय चुनाव की मतगणना, सबसे पहले आएंगे 15 वार्डों के नतीजे

Jhansi News: तेरह नगर निकाय चुनाव की मतगणना शनिवार की सुबह आठ बजे से शुरु हो जाएगी। इसकी तैयारी पुलिस और प्रशासन ने पूरी कर ली है। झाँसी महानगर को शनिवार को दोपहर दो बजे तक नया मेयर मिल जाएगा।

Update:2023-05-13 03:30 IST
यूपी निकाय चुनाव परिणाम: Photo- Newstrack

Jhansi News: तेरह नगर निकाय चुनाव की मतगणना शनिवार की सुबह आठ बजे से शुरु हो जाएगी। इसकी तैयारी पुलिस और प्रशासन ने पूरी कर ली है। झाँसी महानगर को शनिवार को दोपहर दो बजे तक नया मेयर मिल जाएगा। साथ ही सबसे पहले 15 वार्डों के नतीजे आना शुरु हो जाएंगे। इसके लिए महानगर की जनता को सुबह 10 बजे तक इंतजार करना पड़ेगा। तेरह नगर निकाय चुनाव के मतदान के बाद 13 मई यानी शनिवार को मतगणना शुरु होने जा रही है। इन चुनाव का प्रथम चरण 4 मई और दूसरा चरण 11 मई को मतदान हुआ था। इनमें जनपद की पांच नगर पालिका और सात नगर पंचायतें शामिल थी। पुलिस और प्रशासन ने मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

चार राउंड में होगी ननि की मतगणना

झाँसी नगर निगम, बरुआसागर नगर पालिका और बड़ागांव नगर पंचायत की मतगणना झाँसी के बुन्देलखंड डिग्री कालेज में होगी। नगर निगम की मतगणना चार राउंड में पूरी हो जाएगी। एक राउंड में 15 वार्डों के वोट गिने जाएंगे। हालांकि शुरुआती पौन घंटा गणना की तैयारियों में गुजरेगा, लेकिन इसके बाद वोटों की गिनती शुरु हो जाएगी। बताते हैं कि पहले राउंड में वार्ड नंबर 1 से 15 तक के वोट गिने जाएंगे। जिसके परिणाम सुबह 10 बजे तक आ जाएंगे। इसके बाद 16 बार से 30 वार्ड, वार्ड 31 से 45 और वार्ड 46 से 60 तक के पार्षद पद के वोट गिने जाएंगे। इसके साथ ही मेयर प्रत्याशियों के वोट की भी गणना होगी। दोपहर दो बजे तक मेयर पद पर जीत-हार का फैसला हो जाएगा।

अलग- अलग टेबल पर होगी वोटों की गिनती

नगर निगम के मेयर और 60 वार्डों के वोटों की गिनती के लिए 30 टेबलों पर होगी। इसमें 15 टेबल पर मेयर और 15 टेबलों पर वार्डों के वोटों की गिनती की जाएगी। यानी एक टेबल पर चार वार्ड के वोटों की गिनती होगी। इसके अलावा मऊरानीपुर नगर पालिका के वोटों की गिनती 17 टेबलों पर होगी। बताते हैं कि बरुआसागर नगर पालिका की पांच टेबल, चिरगांव, समथर और गुरसरांय नगर पालिका के वोटों की गिनती सात-सात टेबलों पर होगी। इसके अलावा बड़ागांव नगर पंचायत और मोंठ नगर पंचायतों के वोटों की गिनती दो-दो टेबलों पर होगी। बाकी एरच, गरौठा, कटेरा, रानीपुर और टोड़ीफतेहपर नगर पंचायत के वोटों की गिनती तीन-तीन टेबलों पर की जाएगी।

सीसीटीवी कैमरे लगेंगे, वीडियोग्राफी भी होगी

सभी मतगणना स्थलों पर 124 टेबलों पर वोट गिने जाएंगे। यहां पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वोट गिनने के लिए करीब 590 कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। जबकि 16 स्टैटिक मजिस्ट्रेट निगरानी करेंगे। इसके अलावा मतगणना स्थल सीसीटीवी कैमरे से लैस होंगे। साथ ही वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। मतगणना के दौरान प्रत्याशी और उनके एक एजेंट को ही मतगणना स्थल पर उपस्थित रहने की अनुमति दी गई है। किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर प्रत्याशी आरओ से शिकायत कर सकेंगे।

Tags:    

Similar News