बेतवा नदी में मिला मेडिकल स्टोर कर्मचारी का शव, भतीजे को आखिरी बार बोला- '... मैं नोटघाट पुल पर, आकर स्कूटी ले जाओ'

Jhansi News: बेतवा नदी के नोटघाट से व्यक्ति के चप्पल, मोबाइल, कुछ पैसे तथा स्कूटी मिली। पुलिस ने बेतवा नदी में गोताखोरों की मदद से उसकी खोजबीन कराई। शव नदी से बाहर निकाला गया। मामले की जांच जारी है।

Report :  B.K Kushwaha
Update: 2024-01-30 13:39 GMT

बेतवा नदी के नोटघाट से बरामद शव (Social Media) 

Jhansi News: बीते शाम दोस्त की स्कूटी लेकर गए मेडिकल स्टोर कर्मचारी का शव मंगलवार (30 जनवरी) को बेतवा नदी से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकालवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक ने मरने से पहले अपने भतीजे को फोन कर जानकारी दी थी कि, स्कूटी बेतवा नदी किनारे खड़ी है।

जानिए क्या है मामला?

कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार में संजय गुप्ता परिवार समेत रहता था। वह जिला अस्पताल के पास मिनर्वा चौराहे पर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था। बीते दिनों वह पड़ोसी की स्कूटी से अपने घर के लिए निकला था। इसके बाद लौटकर घर नहीं आया। शाम करीब 6 बजे संजय ने अपने घर पर फोन कर भतीजे से कहा कि, मैं नोटघाट पुल पर हूं और स्कूटी यहीं है। आकर ले जाओ।

हत्या या आत्महत्या ?

भतीजे भारत ने रात 9 बजे डायल-112 पर अपने चाचा के नोट घाट से गायब हो जाने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। देखा तो बेतवा नदी के नोटघाट से व्यक्ति के चप्पल, मोबाइल, कुछ पैसे तथा स्कूटी मिली। पुलिस ने बेतवा नदी में गोताखोरों की मदद से उसकी खोजबीन कराई। खोजबीन के दौरान मंगलवार सुबह उसका शव बेतवा नदी में मिला। शव को बाहर निकलवाया गया। उसकी शिनाख्त कराई। शव की शिनाख्त संजय गुप्ता के रूप में हुई। आशंका जताई जा रही है कि, उसने बेतवा नदी में कूदकर आत्महत्या की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


कानपुर रेलवे मार्ग पर मिला आढ़तिया का शव

शादी समारोह में शामिल होने दतिया गए युवक का शव झांसी-कानपुर हाईवे पर पड़ा मिला है। उसने आत्महत्या की या फिर वह हादसे का शिकार हो गया, यह स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम चितगुवां रेलवे फाटक के पास युवक का शव पड़ा मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को लेकर शिनाख्त कराई। उसकी शिनाख्त दीपक साहू निवासी इस्किल थाना एरच के रूप में हुई। चचेरे भाई उदय साहू ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि मृतक आढ़तिया था। उसकी एक बेटी है। पत्नी 9 माह की गर्भवती है। वह विगत दिवस बाइक से दतिया में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। वह यहां कैसे आ गए यह स्पष्ट नहीं है। उनकी बाइक भी नजदीक मिली है।


पेड़ से लटका मिला युवक का शव

वहीं, मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। हत्या कारण पूर्व में बाइक से प्लग निकालने को हुए झगड़े की रंजिश बताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दी। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचमपुरा में रिषभ पटेल परिवार समेत रहता था। पिता का कहना है कि, पूर्व में रिषभ का गांव के कुछ लोगों से बाइक से प्लग निकालने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया था कि वह उसके बेटे से रंजिश मानते थे। पिता ने आरोप लगाते हुए बताया कि बीते दिन पहले उसके बेटे के साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसे फांसी लगाकर पेड़ से लटका दिया। उसे न्याय चाहिए। शव फांसी पर लटका देख इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

Tags:    

Similar News