Jhansi News: पटाखा फैक्ट्री विस्फोट कांड में तीसरी महिला की मौत, लखनऊ के केजीएमसी अस्पताल में तोड़ा दम

Jhansi News: पटाखा फैक्ट्री विस्फोटकांड में घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस कांड में मृतकों की संख्या अब तीन हो गई है। बीते रोज फैक्ट्री संचालक की पत्नी समेत दो लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

Report :  Gaurav kushwaha
Update:2024-10-12 17:20 IST

पटाखा फैक्ट्री विस्फोटकांड में तीसरी महिला की मौत, लखनऊ के केजीएमसी अस्पताल में तोड़ा दम: Photo- Newstrack

Jhansi News: समथर थाना क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री विस्फोटकांड में घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस कांड में मृतकों की संख्या अब तीन हो गई है। बीते रोज फैक्ट्री संचालक की पत्नी समेत दो लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस कांड का मास्टर माइंड जेल में है। वहीं, देरशाम एक महिला के परिजनों ने मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगा दिया था। बाद में गरौठा विधायक के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोल दिया था।

मालूम हो कि समथर थाना क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था। एक अक्टूबर को अचानक फैक्ट्री में तेज धमाका हुआ, जिसमें आठ लोग झुलस गए थे, जिनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। चार लोगों की हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ के केजीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया था। चार घायलों में से जेल में बंद फैक्ट्री संचालक बन्ने खां की पत्नी नसरीन बानो, मजदूर लक्ष्मी साहू पत्नी रवि साहू, शिवानी पुत्री रवि साहू जिंदगी और मौत से लड़ रही, जंग हार गईं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मौत की जानकारी कसबावासियों को हुई तो आक्रोश फैल गया। कसबावासी व अन्य लोग समथर कसबे में दोनों शवों का इंतजार करने लगे। देररात जब शव समथर कसबे में पहुंचे तो लोग कटरा बाजार में इकट्ठा हो गए।

शवों के गांव में पहुंचते ही एक महिला के परिजनों ने मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए शव को कटरा बाजार चौराहा पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर एडीएम, एसपी देहात गोपीनाथ सोनी एवं सर्किल का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता की, लेकिन बात नहीं बनी। मौके पर गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत भी पहुंचे लेकिन परिजनों ने उनकी भी नहीं सुनी। देर रात हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस अफसरों के हाथ पांव फूल गए। प्रदर्शन कर रहे परिजनों की मांग थी कि क्षेत्र में चलाई जा रही पटाखा फैक्ट्री के लाइसेंस निरस्त किए जाएं व दोषियों के विरोध कार्रवाई की जाए। तकरीबन चार घंटे चले प्रदर्शन के बाद किसी तरह अधिकारियों ने प्रदर्शन समाप्त कराया था।

मृतक लक्ष्मी साहू के दामाद कृष्णकांत साहू ने बताया कि कई सालों से खेत में अवैध फैक्ट्री चल रही थी, जिसमें हुए हादसे से कई परिवारों में मातम छा गया। हादसे के बाद प्रशासन की तरफ से आज तक कोई देखने तक नहीं आया। इलाज में बहुत पैसा लग रहा था, यदि प्रशासन की तरफ से कोई मदद होती तो शायद तीन महिलाओं की मौत नहीं होती। इसी बात की नाराजगी सभी गांव के लोगों में है, जिसके लिए प्रदर्शन किया गया।

अब धाराएं बढ़ जाएंगीः एसएसपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने बताया कि दो महिलाओं का अंतिम संस्कार करवाया जा चुका है। तीसरी महिला की मौत की सूचना मिली है। घायल और मृतकों को मुआवजा दिए जाने के लिए कार्रवाई तेज की गई है। फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मुकदमा लिख कर झांसी निवासी फैक्ट्री संचालन बन्ने खां और जिला जालौन के कोंच के एक युवक को जेल पहले ही भेजा जा चुका है। तीन महिलाओं की मौत हो जाने पर इस मामले में धाराओं को बढ़ाया जाएगा।

Tags:    

Similar News