Jhansi News: नाबालिग को भगाए लिए जा रहा था युवक, पूछने पर बताया भाई-बहन, आरपीएफ ने ऐसे खोली पोल

Jhansi News: पूछताछ करने पर पहले तो लड़का-लड़की ने अपने आपको भाई-बहन बताया। परन्तु बाद में आधारकार्ड चेक करने पर ज्ञात हुआ दोनों आपस में भाई-बहन नहीं है।

Update: 2023-07-06 14:13 GMT
नाबालिग लड़की को भागकर ले जा रहा था युवक आरपीएफ ने पकड़ा: Photo- Newstrack

Jhansi News: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की तरफ से महिला सुरक्षा के उद्देश्य को समर्पित एक अखिल भारतीय अभियान ऑपरेशन महिला सुरक्षा चलाया गया है। इस अभियान के दौरान आरपीएफ ने महिलाओं के लिए आरक्षित कोचों में अनाधिकृत रुप से यात्रा करने वाले लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही लड़कियों व महिलाओं को मानव तस्करी का शिकार होने से भी बचाया है। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन की आरपीएफ टीम ने अपहृत नाबालिग लड़की को आरोपी समेत दबोच लिया। पूछताछ के बाद उसे जालौन पुलिस के हवाले कर दिया है। इस आरोपी के खिलाफ जालौन में पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका था।

शक होने पर की गई पूछताछ

रेल सुरक्षा बल के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त के आदेश व आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त विवेकानंद नारायण के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन व प्रभारी निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल, डिटेक्टिव विंग झांसी के निर्देशन में गठित संयुक्त रूप से बीती रात गश्त कर रही थी, तभी टीम प्रभारी उपनिरीक्षक उमा यादव, सहायक उपनिरीक्षक तेजवीर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक नवीन कुमार, डिटेक्टिव विंग प्लेटफार्म नंबर सात पर पहुंचे तो एक व्यक्ति एक लड़की से बात करते दिखाई दिया। शक होने पर टीम ने दोनों को पकड़ लिया। एकांत स्थान पर लेकर पूछताछ की।

पहले कहा- भाई-बहन, आधार कार्ड से सामने आया सच

पूछताछ करने पर पहले तो लड़का-लड़की ने अपने आपको भाई-बहन बताया। परन्तु बाद में आधारकार्ड चेक करने पर ज्ञात हुआ दोनों आपस में भाई-बहन नहीं है। सख्ती से पूछताछ करने पर लड़के ने अपना नाम राजकमल विश्वकर्मा (काल्पनिक नाम) निवासी जालौन तथा लड़की ने अपना नाम काजल (काल्पनिक) निवासी जालौन बताया था।

शादी करने के लिए जा रहे थे छत्तीसगढ़

दोनों ने बताया कि काफी दिनों से दोनों में प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो वह लोग शादी करने को तैयार नहीं थे। इसलिए घर पर बिना बताए शादी करने के लिए छत्तीसगढ़ जा रहे है। शादी के बाद वह लोग वापस अपने घर नहीं आते क्योंकि परिजनों दोनों को परेशान कर रहे थे।

साहब, मेरी लड़की को युवक भगाकर ले गया!

आरपीएफ टीम ने लड़की के पिता से मोबाइल फोन पर संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि उनकी लड़की नाबालिग है तथा लड़के द्वारा उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया जा रहा है। इसके विरुद्ध उनके द्वारा थाना जालौन, जिला जालौन में मुकदमा अपराध संख्या 239/23 अंतर्गत धारा 363, 366 आईपीसी तथा अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति एक्ट 3(2)(v) पंजीकृत है।

जालौन पुलिस के हवाले हुए प्रेमी प्रेमिका

आरपीएफ ने एसएचओ जालौन से बात की तो थानाध्यक्ष ने कहा कि उनके थाना में मुकदमा पंजीकृत है। वह लड़का-लड़की के लेने आ रहे है। तब तक आप दोनों को सुरक्षित निगरानी में रखिए। इनके पास से 70 हजार कीमत का सामान भी बरामद किया है। देरशाम उप निरीक्षक राज कुमार पाण्डे, थाना जालौन, जिला जालौन महिला आरक्षी कश्मीरा सागर, मय स्टाफ के साथ झांसी आए। आरपीएफ ने दोनों को जालौन पुलिस के हवाले कर दिया।

आरपीएफ दे रही है यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

रेलवे सुरक्षा बल के द्वारा कर्तव्यनिष्ठा से जरुरतमंद यात्रियों, महिलाओं और बच्चों को सहायता प्रदान करने के साथ-साथ यात्रियों एवं उनके कीमती सामान की सुरक्षा के किए भी निरंतर प्रयास करता है। सामान की सुरक्षा के लिए आपरेशन यात्री सुरक्षा अभियान शुरु किया है। इस पहल के तहत यात्रियों को 24 घंटे सुरक्षा प्रदान करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। रेलवे स्टेशन व ट्रेनों में महिला आरपीएफ स्टाफ की तैनाती के द्वारा महिला यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिए जा रहे हैँ। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ कर्मचारियों द्वारा रात में चलने वाली ट्रेनों में गश्त भी कराई जाती है।

Tags:    

Similar News