Kannauj: अखिलेश के लिए प्रचार करने पहुंचे राहुल गांधी, बोले- यूपी में बीजेपी की बड़ी हार होने जा रही

Akhilesh-Rahul Rally in Kannauj: लोकसभा चुनाव को लेकर प्रचार करने इंडिया गठबंधन के नेता आज उत्तर प्रदेश के कन्नौज पहुंचे। राहुल गांधी ने जनसभा से बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-10 08:16 GMT

Akhilesh-Rahul Rally in Kannauj: लोकसभा चुनाव को लेकर देश में हलचल तेज है। तमाम पार्टियां अपने-अपने हिस्से की तैयारियों में जुट गई हैं। दलों के स्टार प्रचारक अलग-अलग राज्यों में जाकर चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। इसी क्रम में आज इंडिया गठबंधन के नेतागण आज जनसभा को संबोधित करने उत्तर प्रदेश के कन्नौज पहुंचे। इंडिया गठबंधन की साझा जनता रैली को संबोधित करने आज कांग्रेस नेता राहुल गांंधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और आप नेता संजय सिंह कन्नौज पहुंचे। अखिलेश यादव ने इत्र देकर राहुल गांधी का स्वागत किया। बता दें, इस बार लोकसभा चुनाव में कन्नौज सीट से खुद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव उम्मीदवार हैं। यहां 13 मई को वोटिंग होनी है। जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में बीजेपी की बड़ी हार होने जा रही है।

सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर घेरा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ये लोग स्कूल, अस्पताल, बिजली, सड़क नहीं बना सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी कहते थे गांव में कब्रिस्तान है, श्मशान भी होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि कोरोना काल में पीएम मोदी ने गांव-गांव को श्मशान बना दिया। सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि इन लोगों ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को जेल भेजा, सतेंद्र जैन को जेल भेजा, मनीष सिसोदिया को जेल भेज दिया। अरे पूरी जिंदगी जेल में रखो डरने वाले नहीं हैं।

ये लोकतंत्र का आखिरी चुनाव है: संजय सिंह

वहीं, आप नेता संजय सिंह ने कन्नौज की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि सपा नेता अखिलेश यादव की कन्नौज से बहुत बड़ी जीत होने जा रही है। ये लोकतंत्र का आखिरी चुनाव है। अगर बीजेपी जीतेगी तो संविधान खत्म हो जाएगा। समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव पांच साल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। ऐसे में भाजपा की नफरत देखिए, सीएम आवास को गंगा जल से धुलवाकर उनका अपमान किया गया है। वहीं, कन्नौज में अखिलेश मंदिर गए, तो वहां भी बीजेपी वालों ने गंगा जल से धोकर उनका अपमान किया।

अखिलेश यादव ने भी बीजेपी पर साधा निशाना

जनसभा को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “कन्नौज में जितने भी बड़े-बड़े काम दिखाई दे रहे हैं सब सपा सरकार ने किए हैं। आज जो लोग हाईवे पर चलते हैं उनको पता है कि हाईवे भी समाजवादी सरकार ने ही बनवाया है, लेकिन हमने कभी हाइवे को धुलवाया नहीं होगा। अखिलेश यादव ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग हमारे और संविधान के पीछे पड़े हैं। कन्नौज में विकास की जो सुगंध रुकी है, उसे आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।

Tags:    

Similar News