Kannauj Rape Case: सपा नेता नवाब सिंह यादव पर बढ़ेगी रेप की धारा, लंबी होगी सजा

Kannauj Rape Case: एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि छेड़छाड़ और पॉक्सो में दर्ज हुए इस केस में अब रेप की धारा भी बढ़ाएगी।

Report :  Snigdha Singh
Update: 2024-08-13 17:17 GMT

सपा नेता नवाब सिंह यादव पर बढ़ेगी रेप की धारा, लंबी होगी सजा: Photo- Social Media

Kannauj Rape Case: कन्नौज के चौधरी चंदन सिंह डिग्री कॉलेज में किशोरी से केवल छेड़छाड़ ही नहीं, रेप भी किया गया था। एसपी अमित कुमार आनंद ने मंगलवार रात को बताया कि मजिस्ट्रेट के सामने कलमबंद बयान कराए गए, जिसके अवलोकन में यह बात स्पष्ट हुई है। पुलिस छेड़छाड़ और पॉक्सो में दर्ज हुए इस केस में अब रेप की धारा भी बढ़ाएगी। सपा से ब्लॉक प्रमुख रहे नवाब सिंह कन्नौज के रसूखदार नेता हैं, हालांकि इस कांड में गिरफ्तार होने के बाद सपा के जिलाध्यक्ष ने उनके पार्टी में होने से इंकार किया है। यह कांड प्रदेश में राजनीतिक सनसनी बन गया है। भाजपा और सपा के बीच इस मसले पर वार-पलटवार हो रहे हैं।

बता दें कि रविवार देर रात 14 वर्षीया किशोरी ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी थी कि डिग्री कॉलेज में नवाब सिंह यादव ने उसके साथ छेड़छाड़ की। कपड़े उतार दिए। वह अपनी बुआ के साथ नौकरी के लिए नवाब सिंह के बुलाने पर पहुंची थी। पुलिस ने नवाब को आपत्तिजनक स्थिति में कॉलेज से गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार को उसे जेल भेज दिया गया था।

सपा-भाजपा में सियासी रार छिड़ी

नवाब प्रकरण पर सपा-भाजपा में रार छिड़ गई है। सपा नेता कह रहे हैं कि नवाब पार्टी में नहीं है। जबकि भाजपा नेता सपा के कार्यक्रमों में नवाब की शिरकत, अखिलेश यादव के साथ मंचों पर उसकी फोटो के आधार पर सपा नेता बता रहे हैं। सपा के जिलाध्यक्ष कलीम खान ने सोमवार की सुबह इस घटना को साजिश बताते हुए कहा कि नवाब को भाजपा के इशारे पर फंसाया गया है। वहीं, शाम को सपा की ओर से पत्र जारी कर कहा गया कि नवाब सिंह यादव को पहले ही सपा से निकाला जा चुका है।

बुआ को सह अभियुक्त बनाने की तैयारी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक अब किशोरी की बुआ को भी सह अभियुक्त बनाने की तैयारी है। किशोरी के माता-पिता ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया है, जिसमें बुआ पर आरोप लगाया गया है। माता-पिता का कहना है कि बुआ ने विश्वासघात किया और वही बेटी को लेकर नवाब सिंह के पास पहुंची थी। उसका आचरण नोएडा में भी ऐसा ही रहा है और गांव में भी वह ऐसे कृत्यों में लिप्त रहती है। इसी आधार कर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

बुआ बोली- यह सपा नेताओं की साजिश

मंगलवार सुबह गायब होने से पहले किशोरी की बुआ मीडिया के सामने आई। उसने कहा कि नवाब सिंह को फंसाने की साजिश सपा के एक नेता ने रची थी। इसके कई बड़े चेहरे भी शामिल हैं। वे नाम मैं समय आने पर सार्वजनिक करूंगी। उसने कहा कि रविवार रात करीब साढ़े दस बजे नवाब सिंह से बात हुई थी। मैं भतीजी के साथ लखनऊ से लौट रही थी। नवाब से मिलने भतीजी के साथ पहुंची थी। नवाब सिंह से आठ साल से संपर्क है। मैं वाशरूम गई और लौटने पर भतीजी ने बताया कि उसके साथ छेड़छाड़ हुई है। इस पर उसे समझाया और उसने मां से बात करने के लिए फोन मांगा। उसने बाहर जाकर कब और क्यों पुलिस को फोन कर दिया, यह पता नहीं है।

सुब्रत पाठक बोले-सपा का यही चरित्र

भाजपा नेता व पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि सपा का यही मूल चरित्र है। महिलाओं के प्रति सम्मान का भाव इस दल में नहीं है। अयोध्या से कन्नौज तक की घटनाएं इसका प्रमाण हैं। उन्होंने किशोरी की बुआ का फोटो अपने साथ वायरल होने पर कहा कि जनप्रतिनिधि और राजनीतिक कार्यकर्ता होने के चलते बहुत से लोग समस्याएं लेकर आते हैं। हजारों लोगों के साथ फोटो खिंच जाते हैं। जरूरी नहीं कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ खड़े किसी व्यक्ति से परिचय या प्रगाढ़ता हो।

Tags:    

Similar News