Lakhimpur BJP MLA: आखिर क्यों धरने पर बैठ गए BJP MLA, अखिलेश यादव ने कही ये बड़ी बात

Lakhimpur BJP MLA: उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक बार फिर वर्दी को शर्मसार कर दिया है। लखीमपुर खीरी में एक दारोगा पर मकान मालकिन ने छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगाया है।

Written By :  Rajnish Verma
Update: 2024-03-31 12:27 GMT

आखिर क्यों धरने पर बैठ गए BJP MLA, अखिलेश यादव ने कही ये बड़ी बात (Photo - Social Media)

Lakhimpur BJP MLA: उत्तर प्रदेश पुलिस (UP Police) ने एक बार फिर वर्दी को शर्मसार कर दिया है। लखीमपुर खीरी में एक दारोगा पर मकान मालकिन ने छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला के आरोप के बाद जमकर हंगामा हुआ है। यही नहीं, भाजपा विधायक योगेश वर्मा सहित कई नेता धरने पर बैठ गए हैं। इसके बाद दारोगा समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, इस मामले को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए निशाने पर लिया है।

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि लखीमपुर में भाजपा सरकार की पुलिस द्वारा भाजपा सांसद के परिवार की एक नारी के साथ अभद्र छेडछाड़ की घटना निंदनीय है। इससे नाराज़ होकर विधायक धरने पर बैठ गये, जिससे इस मामले की गंभीरता समझी जा सकती है।

अखिलेश ने भाजपा को बताया महिला विरोधी

अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा नारी विरोधी है, जिसके हाथरस की बेटी, मणिपुर से लेकर पहलवान बहनों के साथ की गयी निर्लज्जता व कानपुर देहात की माँ-बेटी को जिंदा जलाए जाने जैसे अनगिनत दुर्भाग्यपूर्ण उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हटाओ, नारी सम्मान बचाओ का नारा भी दिया है।

शराब के नशे में मकान मालकिन से की छेड़छाड़

बता दें कि मकान मालकिन सीतापुर से भाजपा के सांसद राजेश वर्मा (BJP MP Rajesh Verma) की भतीजी है। पीड़िता ने बताया कि सब इंस्पेक्टर अभय मिश्रा उनके घर पर परिवार के साथ किराए पर रहता है। शनिवार (30 मार्च) वह शराब पीकर घर में घुसा, उसके बाद वह उनके साथ छेड़छाड़ करने लगा। पीड़िता के विरोध करने पर दारोगा अभय मिश्रा और उसकी पत्नी ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने इसकी शिकायत थाने में की, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया।

विधायक समर्थकों के हंगामे के बाद मुकदमा हुआ दर्ज

इसके बाद इस मामले की भनक जैसे ही भाजपा विधायक योगेश वर्मा (BJP MLA Yogesh Verma) को लगी तो वह अपने समर्थकों के साथ थाने पर पहुंच गए, इसके बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वह देर रात करीब 11:30 बजे धरने पर बैठ गए। इस दौरान उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया, तब जाकर पुलिस ने दारोगा अभय मिश्रा और उसकी पत्नी सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दारोगा अभय मिश्रा की पत्नी भी पुलिस में नौकरी करती है। 

Tags:    

Similar News