Lucknow Weather Today: यूपी में लुढ़का पारा, जलने लगे अलाव...कड़ाके की ठंड के लिए रहें तैयार

Lucknow Weather Today 10 December 2022: यूपी के कई जिलों में कड़ाके की ठंड ने इंसान और जानवरों को परेशान कर दिया है। बुंदेलखंड, आगरा में लोगों को ठंड से राहत के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ा।

Written By :  aman
Update:2022-12-10 06:28 IST

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Weather Today 10 December 2022: उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में तेजी से पारा गिर रहा है। राज्यों में ठंडक बढ़ने लगी है। यूपी के कई इलाकों में भी अब कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड का सितम झेलने के लिए लोगों को तैयार रहना पड़ेगा। प्रदेश में तापमान तेजी से बदल रहा है। शनिवार (10 दिसंबर) को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया।

पश्चिमी यूपी में सुबह के वक्त लोगों में लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास हो रहा है। कमोबेश यही हालत सूबे के तराई वाले क्षेत्रों की भी है। दरअसल, इसकी मुख्य वजह पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फ़बारी है। सर्दी से राहत के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। कानपुर के कई जगहों पर सुबह और शाम के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। राजधानी लखनऊ में शनिवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के करीब रहेगा। अलग-अलग हिस्सों में आने वाले दिनों में मौसम और सर्द होने की संभावना जताई जा रही है। 

लखनऊ में आज ठंड से मिलेगी राहत 

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते तीन दिनों से राजधानी का तापमान इसी के आसपास रहा। हालांकि, शनिवार को राजधानी वासियों को ठंड से राहत मिलेगी। आज शहर का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। लखनऊ में सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है। दिन में आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान जताया जा रहा है। 


NCR क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी, रहेगा घना कोहरा 

इसी तरह, एनसीआर क्षेत्र नोएडा और गाजियाबाद में लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को गाजियाबाद का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तो अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। IMD के अनुसार, आने वाले दिनों में भी एनसीआर क्षेत्र में ठंड ऐसे ही रहने वाली है। 10 और 11 दिसंबर को इस इलाके में मिनिमम टेंपरेचर 9 डिग्री और अधिकतम 26 डिग्री रहने का अनुमान जताया गया है। गाजियाबाद में सुबह के समय घना कोहरा रहेगा, जबकि दिन के समय मौसम साफ रहेगा।   

ताजनगरी और बुंदेलखंड में गिरा पारा

मौसम विभाग के अनुसार, ताजनगरी आगरा में भी तापमान तेजी से नीचे जा रहा है। शुक्रवार को जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री था वहीं 10 और 11 दिसंबर को ये 10 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं अगले दो दिन अधिकतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहेगा। आगरा-मथुरा में भी 10 और 11 दिसंबर को सुबह के वक्त कोहरा रहेगा। वहीं, दिन में आसमान साफ रहने से लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। इसी तरह, संगम नगरी प्रयागराज में शनिवार (10 दिसंबर) को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के करीब रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। इसके अलावा, 11 दिसंबर को प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के करीब रहेगा। प्रयागराज में भी सुबह के वक्त कोहरा रहने का अनुमान है। दिन के समय आसमान साफ रहेगा। गौरतलब है कि, इस हफ्ते प्रयागराज में न्यूनतम तापमान गिरकर 9 डिग्री तक चला गया था। 


मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। हालांकि, यहां अब कोहरे की शुरुआत हो चुकी है। बुंदेलखंड के कई जिलों में सुबह और शाम के वक्त घना कोहरा देखने को मिल रहा है। IMD के अनुसार, दिसंबर के तीसरे हफ्ते के आखिरी से प्रदेश के लोगों को कड़ाके की सर्दी से जूझना पड़ेगा। 

Tags:    

Similar News