Lucknow Weather Today: लखनऊ में बादलों की आवाजाही, प्रतिदिन एक डिग्री बढ़ रहा तापमान...जानें आज का हाल

Lucknow Ka Mausam 11 March 2023: पश्चिमी विक्षोभ की वजह से लखनऊ का तापमान नीचे गिरा था, जो अब चढ़ने लगा है। आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। 15 मार्च से मौसम बदलेगा।

Written By :  aman
Update:2023-03-11 05:30 IST

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 11 March 2023: यूपी की राजधानी लखनऊ में अब तापमान एक बार फिर बढ़ने लगा है। अधिकतम तापमान प्रतिदिन एक डिग्री सेल्सियस बढ़ता जा रहा है। होली पर हुई हल्की बारिश ने राजधानी का मौसम खुशगवार बना दिया था। अब फिर गर्मी लोगों को परेशान करने लगी है। धूप की वजह से उमस बढ़ी है। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की मानें तो 9 मार्च को शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस था जबकि न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इससे पहले होली पर हुई झमाझम बारिश और हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी थी। 

लखनऊ का अधिकतम तापमान शनिवार (11 मार्च) को 32 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। लखनऊ ही नहीं आसपास के जिलों में भी तापमान बढ़ने लगा है। कानपुर, अयोध्या, बाराबंकी और लखीमपुर खीरी का तापमान भी बढ़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि, अब तापमान में वृद्धि होने लगी है। हालांकि, इन दिनों प्रचंड धूप का असर देखने को नहीं मिलेगा।

15 मार्च से बढ़ेगा तापमान 

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया है कि, 12 मार्च तक बादलों की आवाजाही बरकरार रहेगी। मोहम्मद दानिश ने बताया, 'मौसम में उतार-चढ़ाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) के कारण हो रहा है। क्योंकि, इन दिनों पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई है, जिससे मैदानी हिस्से में बूंदाबांदी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग की मानें तो 15 मार्च के बाद पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाएं मौसम में बदलाव लाएगी। इसके बाद तापमान में वृद्धि होगी। 

जारी रहेगा मौसम का नरम रुख

पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम में नरमी बनी हुई है। पूर्वांचल के जिलों से लेकर वेस्ट यूपी में बारिश ने मौसम में बदलाव लाया है। दिल्ली से सटे यूपी के जिलों गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद आदि में 5 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। नोएडा और गाजियाबाद में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा।

अन्य सालों की तुलना में पड़ेगी भीषण गर्मी  

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने पूर्वानुमान में पहले ही कहा है कि, इस बार मई और जून में पिछले सालों की तुलना में अधिक गर्मी पड़ेगी। लू की आशंका भी जताई गई है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार ने इस संबंध में अलर्ट जारी किया है। गर्मी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने भी बैठकें की हैं। कार्यशालाओं के जरिए लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, कई विभागों को पत्र भेजकर लू से निपटने, राहत और बचाव के पुख्ता इंतजाम करने को कहा है।

Tags:    

Similar News