Lucknow Crime: गोमती नगर में छेड़छाड़ के 10 और आरोपियों के नाम-पते पुलिस के पास पहुंचे, दबिश जारी

Lucknow Crime: ताज होटल के निकट बने अंडरपास के पास बारिश से जल भराव होने के बाद आने-जाने वाले वाहन चालकों के साथ कुछ अराजक तत्व हुड़दंगई और अभद्रता कर रहे थे।

Written By :  Santosh Tiwari
Update: 2024-08-01 13:27 GMT

कैमरे में कैद हुई थी छेड़छाड़ की घटना। Newstrack

Lucknow Crime: गोमती नगर के ताज होटल के पास युवती से छेड़छाड़ करने वाले 10 और आरोपियों को पुलिस ने चिन्हित किया है। जेसीपी आकाश कुलहरि ने बताया कि उक्त आरोपियों के नाम और पते पुलिस के पास पहुंचे हैं। अब पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। घटना में अभी तक कुल चार आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

बताते चलें कि बुधवार को गोमती नगर थाना क्षेत्र में ताज होटल के निकट बने अंडरपास के पास बारिश से जल भराव होने के बाद आने-जाने वाले वाहन चालकों के साथ कुछ अराजक तत्व हुड़दंगई और अभद्रता कर रहे थे। इसी बीच एक युवती से छेड़छाड़ का वीडियो भी वायरल हो गया। इसका संज्ञान लेते हुए थाना गोमती नगर में मामला दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीम बनाकर व क्राइम टीम को लगाया गया। जिसके बाद यह कार्रवाई हुई है। 

सोशल मीडिया पर हुई किरकिरी तो शुरू की कार्रवाई

बुधवार शाम पहले सबसे पहले गोमती नगर में अंबेडकर पार्क के पास गाड़ियों पर पानी डालने और अभद्रता करने का एक वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को लाठियां फटकार कर वहां से हटा दिया। थोड़ी ही देर बाद दर्जनों अराजक तत्वों की भीड़ द्वारा लड़की को छेड़े जाने का वीडियो बड़े स्तर पर वायरल हो गया। इसके बाद लोगों ने गोमती नगर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू की।

चार आरोपी दबोचे, पुलिस अधिकारी भी हटे

पुलिस ने अम्बेडकर पार्क के पास अराजकता करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें पवन यादव, सुनील यादव, विराज साहू और मोहम्मद अरबाज शामिल हैं। जबकि सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इसके अलावा घटना में शिथिलता बरतने पर लखनऊ पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सेंगर ने डीसीपी ईस्ट प्रबल प्रताप सिंह, एडीसीपी ईस्ट अमित कुमावत, एसीपी गोमती नगर को हटा दिया। जबकि थानाध्यक्ष दीपक पांडेय, चौकी इंचार्ज ऋषि विवेक, दरोगा कपिल, सिपाही धर्मवीर और वीरेंद्र को सस्पेंड कर दिया।

पहले दर्ज FIR में नहीं किया छेड़छाड़ का जिक्र

घटना का वीडियो जब वायरल हुआ तो पुलिस अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन में स्थानीय चौकी इंचार्ज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। लापरवाही का आलम यह रहा कि FIR में छेड़छाड़ की घटना का कहीं जिक्र ही नहीं किया गया। उसमें गंदा पानी उड़ेलने से बीमारी फैलने की बात लिखी गई। इसके बाद फिर लोगों ने पुलिस को आड़े हाथों लिया। आनन फानन में पुलिस ने FIR में छेड़छाड़ और महिला की लज्जा भंग करने की धाराएं बढ़ाई।

Tags:    

Similar News