Lucknow News: बीजेपी के शक्ति वंदन अभियान का सीएम योगी ने किया उद्घाटन

Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा पांच सौ वर्षों की लंबी लड़ाई, संघर्ष, तपस्या और साधना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह की सिद्धि प्राप्त हुई है।;

Newstrack :  Network
Update:2024-02-02 21:53 IST

Lucknow News (Pic:Newstrack)

Lucknow News: भारतीय जनता पार्टी द्वारा शक्ति वंदन अभियान के अंर्तगत स्वयं सहायता समूह एवं एनजीओ सम्पर्क अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला शुक्रवार को इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में सम्पन्न हुई। कार्यशाला का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस अवसर पर पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री  विजया रहाटकर, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष  गीता शाक्य भी मौजूद रही। कार्यशाला का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य ने किया।

कार्यशाला में क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय अभियान की टोली व जिला अभियान की टोली के सदस्य सम्मिलित हुए। कार्यशाला में प्रदेश में कार्य कर रही स्वयं सहायता समूह और एनजीओ से जुड़ी बहनों से सम्पर्क व संवाद कर उन्हें पार्टी संगठन से जोड़कर सक्रिय करने पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई व कार्ययोजना तैयार की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यशाला में उपस्थित प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पांच सौ वर्षों की लंबी लड़ाई, संघर्ष, तपस्या और साधना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह की सिद्धि प्राप्त हुई है।

यह केवल प्राण प्रतिष्ठा समारोह नहीं है बल्कि भारत की लोक आस्था, जन विश्वास और भारत के पुराने गौरव की पुर्नप्रतिष्ठा का एक अभियान है। आज जब पूरी दुनिया उत्तर प्रदेश में अयोध्या धाम की ओर आकर्षित हो रही है तो आप सभी भी अयोध्या धाम का दर्शन करेंगे। इसके लिए टीम पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या धाम में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले साढ़े नौ वर्षों में देश में चलाए गए कार्यक्रम के अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में राम राज्य की परिकल्पना के अनुसार बिना किसी भेदभाव के किसानों, महिलाओं, नौजवानों और समाज के हर तबके के लोगों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाईं और इसका लाभ देने के लिए अभियान चलाया। इसी का नतीजा है कि पूरे देश में चार करोड़ गरीब परिवारों को बिना भेदभाव के आवास दिये गये। इसमें भी ज्यादातर मालिकाना हक महिलाओं को दिया गया।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ शौचालय बनाए गए। यही नहीं हर घर नल योजना से शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। इतना ही नहीं पूरे देश में पहली बार गांव में गरीबों को उनके आवास का मालिकाना हक देने के लिए पीएम स्वामित्व योजना चलायी गयी। यह इसलिए जरूरी था क्योंकि पहले गांव के दबंग इनका घर जर्जर होने पर बनाने नहीं देते थे और उस पर कब्जा कर लेते थे। स्ट्रीट वेंडर के बारे में कोई सोचता ही नहीं था, लेकिन आज उन्हे ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराकर आर्थिक स्वावलंबन के मार्ग पर प्रशस्त किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के तहत देश के 10 करोड़ परिवार यानि 50 करोड़ से अधिक लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री जन धन अकाउंट योजना से लेकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि समेत तमाम योजनाओं में देश की आधी आबादी को केंद्र बिंदु रखा गया क्योंकि सबसे ज्यादा उनका शोषण होता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन योजनाओं में आधी आबादी को जोड़कर देश ने दुनिया के सामने नए भारत को प्रस्तुत किया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेशभर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर आयोजित विभिन्न सम्मेलनों में एक उत्साह देखने को मिला था। इस अधिनियम के बाद अब कोई भी राजनीतिक दल महिलाओं को विधानसभा और देश की संसद में पहुंचने से नहीं रोक सकता है। देश में पहली बार महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उन्हे महिला स्वयं सहायता समूह से जोड़ा गया।

इसी का परिणाम है कि वर्ष 2019 में 6 महिलाओं से शुरू हुई बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी में आज बुंदेलखंड की 63 हजार महिलाएं जुड़ी हुई हैं। इसका वार्षिक टर्नओवर डेढ़ सौ करोड़ का है जबकि नेट प्रॉफिट लगभग 15 करोड़ का है। कोरोना काल खंड में अकाउंट से पैसे निकालने के लिए बैंक में भीड़ न एकत्रित हो इसके लिए बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट सखी अभियान को आगे बढ़ाया गया। प्रदेश में 56 हजार से अधिक बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट सखी का चयन किया गया। आज प्रदेश में 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायत में बैंक के लेन-देन का काम बीसी सखी कर रही हैं और वह प्रतिमाह 15000 से लेकर सवा लाख रुपये कमा रहीं हैं।

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चंद्रयान अभियान में अहम भूमिका निभाने वाली वैज्ञानिक डॉ. रितु करिधाल लखनऊ की ही बेटी हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री जन धन अकाउंट, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मातृ वंदना, जीवन ज्योति बीमा योजना समेत तमाम योजनाएं आधी आबादी के सम्मान को दर्शाती हैं। वहीं प्रदेश में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से 17 लाख बेटियां जुड़ी हुई हैं जबकि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से 3 लाख से अधिक बेटियों का दहेज मुक्त विवाह कार्यक्रम संपन्न हुआ है।

प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए थाने स्तर पर एंटी रोमियो स्क्वायड का गठन किया गया, इससे महिला संबंधी अपराध को न्यूनतम स्तर तक पहुंचने में सफलता प्राप्त हुई है। वहीं आज महिला संबंधी अपराध में देश के अंदर सर्वाधिक सजा दिलाने वाला राज्य उत्तर प्रदेश बन गया है। डबल इंजन की सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महिला स्वयं सहायता समूह की बड़ी भूमिका है। डबल इंजन की सरकार के विभिन्न अभियान से इन्हे प्रभावी ढंग से जोड़ा जाए तो आधी आबादी वर्ष 2024 में तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री चुनने में उनकी अहम भूमिका सामने आएगी। ऐसे में अभी से इस कार्यक्रम के साथ उन्हे जोड़ना पड़ेगा और इस अभियान को हम तेजी के साथ आगे बढ़ा पाएंगे।

पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री विजया रहाटकर ने कार्यशाला में उपस्थित प्रतिनिधियोें के समक्ष विस्तार पूर्वक पूरे अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि महिला कल्याण और उनके सशक्तिकरण के लक्ष्यों को पूरा करने में महिला स्वयं सहायता समूहों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हैं उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सांसद से लेकर पार्षद को सक्रिय रहकर सफल बनाना है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होने कहा कि शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों एवं एनजीओ सम्पर्क अभियान सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराते हुए महिलाओं को पार्टी से जोड़ने वाला महाअभियान है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा जिन मुद्दों के साथ जनता के बीच गई थी उनमें से अधिकांश लक्ष्य हमारी सरकार ने पूरे किये है। उन्होंने कहा हमारी सरकार वसुधैव कुटुम्बकम् के मंत्र पर कार्य करते हुए आगे बढ़ रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्य किये है।

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप आत्मनिर्भर बनाने का पवित्र काम हो रहा है। ये समूह बहनों के जीवन में नई रोशनी लाने का काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पास होना महिला सशक्तिकरण का एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से हमें पार्टी संगठन की योेजनानुसार बड़ी संख्या में महिलाओं को पार्टी संगठन से जोड़़ते हुए उन्हें सक्रिय करने का काम करना है।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार ने महिला कल्याण की दिशा में कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाये गए है। उन्होंने कहा कि आज हमारी ग्रामीण महिलाए बैक सखी, बीसी सखी, पशु सखी, कृषि सखी, विद्युत सखी के रूप में कार्य करके अपने परिवार के आर्थिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त कर रही है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में महिला स्वयं सहायता समूह वर्तमान में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में क्रान्ति का एक केन्द्र बन चुका है, आज देश व प्रदेश के हर जिले हर गांव में समूह की महिलाओं को बहुत बड़ी ताकत के रूप में देखा जाता है।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि 2014 में केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद से ही महिला कल्याण और महिलाओं के उत्थान को लेकर अनेकों योजनाओं को लागू करने का काम किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओ, महिला शक्ति केन्द्र योजना, शौचालय, सुकन्या समृद्धि योजना, मातृत्व वंदन योजना, जनधन योजना सहित कई अन्य योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार में शुरू हुई इन योजनाओं में महिलाओं के जीवन में बडे़ बदलाव किए है। उन्होंने स्वयं सहायता समूह एवं एनजीओ सम्पर्क अभियान को पूरे प्रदेश में प्रभावी ढंग से चलाने का आवाह्न करते हुए कहा कि हमें पार्टी संगठन की योजनानुसार स्वयं सहायता समूह व एनजीओ से जुड़ी बहनों से सम्पर्क व संवाद स्थापित करना है।

पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने कार्यशाला में स्वयं सहायता समूह एवं एनजीओ सम्पर्क अभियान की आगामी कार्ययोजना के संदर्भ में विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि 10 फरवरी को जिला स्तर पर शक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित कर जिले में काम करने वाली स्वयं सहायता समूह और एनजीओ के अध्यक्ष और सचिव सहित अन्य पदाधिकारियों से सम्पर्क संवाद कर चर्चा करना है। 11 व 12 फरवरी को विधानसभा स्तर पर शक्ति सम्मान समारोह आयोजित किये जायेंगे। 12 से 21 फरवरी तक मण्डल में सक्रिय स्वयं सहायता समूह व एनजीओ से जुड़ी बहनों से व्यक्तिगत सम्पर्क अभियान चलाया जाएगा। 22 फरवरी को हर मण्डल में  प्रधानमंत्री के संबोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना जाएगा। इसी क्रम में 25 व 26 फरवरी को प्रत्येक जिले में एनजीओ के प्रमुखों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

Tags:    

Similar News