Lucknow Crime : नीलमथा में धार्मिक स्थल पर खंडित की गई मूर्ति, तनाव, केस दर्ज

Lucknow Crime : कैंट थानाक्षेत्र के नीलमथा में बीती देर रात एक धार्मिक स्थल पर लगी मूर्ति खंडित कर दी गई। अज्ञात आरोपियों ने मूर्ति को कटर मशीन से काटकर उसके कई टुकड़े कर दिए।

Newstrack :  Network
Update:2024-10-10 15:21 IST

Lucknow Crime : कैंट थानाक्षेत्र के नीलमथा में बीती देर रात एक धार्मिक स्थल पर लगी मूर्ति खंडित कर दी गई। अज्ञात आरोपियों ने मूर्ति को कटर मशीन से काटकर उसके कई टुकड़े कर दिए। सुबह धार्मिक स्थल में पूजा करने पहुंचे लोगों ने जब वहां पर मूर्ति खंडित देखी तो हंगामा मच गया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्रित होकर बवाल करने लगे। थोड़ी देर बाद कैंट पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। साथ ही अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

रात के अंधेरे में की गई वारदात

स्थानीय लोगों ने बताया कि अज्ञात आरोपियों ने रात के अंधेरे में इस वारदात को अंजाम दिया है। मूर्ति को कटर से काटकर खंडित किया गया है। साथ ही मूर्ति के आसपास लगी अन्य चीजों को भी क्षतिग्रस्त किया गया है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भयंकर आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई है। धार्मिक स्थल के आसपास कुछ लोगों ने प्रदर्शन का प्रयास भी किया लेकिन पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत करा दिया है।

सीसीटीवी के आधार पर जांच शुरू

कैंट SHO गुरप्रीत कौर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। साथ ही धार्मिक स्थल और उसके आसपास के इलाकों में पुलिस बल को भी तैनात कर दिया है। फिलहाल, वहां पर किसी भी प्रकार की कोई शांति व्यवस्था की समस्या नहीं है। लोगों से बातचीत की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।


बाजारखाला में भी धार्मिक स्थल के सामने मिले थे मांस के टुकड़े

इसके पहले बाजारखाला थाना क्षेत्र में भी एक मंदिर के सामने मांस के टुकड़े मिले थे। इस मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया था बाद में पुलिस ने बयान जारी कर बताया था कि महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त है। वह कुत्तों को खिलाने के लिए मांस के टुकड़े लाई थी और वह सड़क पर बैठकर कुत्तों को टुकड़े दे रही थी। लोगों की शिकायत के आधार केस दर्ज कर पुलिस महिला को थाने ले आई थी।

Tags:    

Similar News