LDA News: गोमती नगर व संजयगांधी पुरम में अवैध रूप से किये जा रहे चार व्यावसायिक व एक आवासीय निर्माण सील

LDA News: जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि एके सिंह व अन्य द्वारा गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 में भूखण्ड संख्या-1/सी-803ए पर लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण करवाया जा रहा था।

Report :  Santosh Tiwari
Update: 2024-09-03 15:30 GMT

एलडीए ने की कार्रवाई। Photo- Newstrack 

LDA News: लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने गोमती नगर, गोमती नगर विस्तार व संजयगांधी पुरम में कार्यवाही की। इस दौरान अवैध रूप से निर्मित किये जा रहे 4 व्यावसायिक निर्माण व 1 आवासीय निर्माण को सील किया गया।

प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि एके सिंह व अन्य द्वारा गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 में भूखण्ड संख्या-1/सी-803ए पर लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण करवाया जा रहा था। वहीं, रोहित सिंह व अन्य द्वारा सेक्टर-1 में भूखण्ड संख्या-1/बी-4ए पर लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। इसी तरह डाॅ. विजित सिंह व अन्य द्वारा गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में भूखण्ड संख्या-4/1059 पर लगभग 250 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण करवाया जा रहा था। इसके अलावा निरंजन रस्तोगी व अन्य द्वारा अयोध्या रोड स्थित संजयगांधी पुरम में लगभग 110 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर काॅम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। उक्त चारों प्रकरण में विहित न्यायालय द्वारा सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। इसी के तहत सहायक अभियंता उदयवीर सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता आशीष श्रीवास्तव, संजय भाटी व एसके दीक्षित द्वारा पुलिस बल के सहयोग से चारों बिल्डिंगों को सील कर दिया गया।

इसके अलावा लल्ली उपाध्याय व अन्य द्वारा गोमती नगर के विनम्र खण्ड में भूखण्ड संख्या-2/22 पर लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से आवासीय भवन का निर्माण कराया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए परिसर को पूर्व में सील कराया गया था। वर्तमान में विपक्षी द्वारा स्थल पर चोरी-छुपे निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जिसे प्रवर्तन टीम ने आज पुनः सील कर दिया। बताते चलें कि एलडीए की ओर से जिले भर में लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। एलडीए अफसरों का कहना है कि यदि सील करने के बाद भी कोई अवैध निर्माण चलता पाया गया तो उक्त व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। 

Tags:    

Similar News