Lucknow Crime: अनाथालय से भागी 6 लड़कियां बिहार के सीवान से मिली, लखनऊ पुलिस ने किया बरामद

Lucknow News: SHO अलीगंज विनोद तिवारी ने बताया कि थाने की एक टीम और स्वाट टीम को इनपुट के आधार पर बिहार भेजा गया था। सभी 6 नाबालिग लड़कियों को सीवान में एक रिश्तेदार के घर से सकुशल बरामद किया है।

Report :  Santosh Tiwari
Update:2024-10-20 19:11 IST

Lucknow News (Pic- Newstrack)

Lucknow Crime: राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित राम औद्योगिक अनाथालय से भागी कुल 9 में से 6 लड़कियां बिहार के सीवान से पुलिस ने बरामद की हैं। 3 लड़कियों को पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है। पूछताछ में सामने आया है कि बिहार के सीवान में इन्हीं में से एक नाबालिग लड़की का घर था। वह सभी लड़कियों को अपने साथ लेकर चली गई थी। पुलिस ने स्टेशन की फुटेज, सर्विलांस आदि के आधार पर तलाश कर सभी को सकुशल बरामद किया है। अब पुलिस काउंसलिंग के आधार पर इनसे पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है।

अलीगंज थाने की टीम और स्वाट ने की बरामदगी

SHO अलीगंज विनोद तिवारी ने बताया कि थाने की एक टीम और स्वाट टीम को इनपुट के आधार पर बिहार भेजा गया था। सभी 6 नाबालिग लड़कियों को सीवान में एक रिश्तेदार के घर से सकुशल बरामद किया है। यह लोग सीवान में ही किराए का कमरा लेकर रहने की तैयारी में थी। अब इन्हें लखनऊ लाया जा रहा है। बताते चलें कि नाबालिग लड़कियों के फरार हो जाने से प्रशासन के भी हाथ पांव फूल गए थे। इनकी तलाश के लिए पुलिस की चार टीमों को लगाया गया था। साथ ही सर्विलांस और स्वाट टीम को भी लगाया गया था। घटना वाले दिन दो लड़कियां अलीगंज में पुरनिया बस स्टैंड के पास से बरामद हुई थी जबकि एक लड़की को पुलिस ने शनिवार को अयोध्या में एक रिश्तेदार के घर से। बरामद किया था। बाकी लड़कियां आज बरामद हो गई हैं।

यह थी पूरी घटना

शुक्रवार की सुबह अलीगंज के राम औद्योगिक अनाथालय से 9 किशोरियां खिड़की की ग्रिल काटकर फरार हो गई थी। इसकी सूचना जब प्रबंधन को हुई तो 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की। पूछताछ में सामने आया है कि यह सभी वाशरूम जाने की बात कहकर कमरे से निकली थी। इसके बाद वाशरूम के बगल में लगी खिड़की की ग्रिल काटकर एक के बाद एक सभी अनाथालय से फरार हो गई।

Tags:    

Similar News