UP Police Promotion: यूपी पुलिस के इन कर्मियों को दिवाली से पहले मिला प्रमोशन गिफ्ट, जारी हुआ आदेश

UP Police Promotion: पुलिस महानिदेशक मुख्यालय ने हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत 1,781 पुलिसकर्मियों को सब इंस्पेक्टर नागरिक पुलिस के पद पर प्रोन्नत कर दिया है।

Update:2024-10-20 14:18 IST

यूपी पुलिस के 1,781 हेड कांस्टेबल का प्रमोशन (सोशल मीडिया)

UP Police Promotion: उत्तर प्रदेश के 1,781 पुलिसकर्मियों को योगी सरकार ने दिवाली से पहले पदोन्नति की सौगात दी है। पुलिस महानिदेशक मुख्यालय ने हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत 1,781 पुलिसकर्मियों को सब इंस्पेक्टर नागरिक पुलिस के पद पर प्रोन्नत कर दिया है। डीआईजी स्थापना अखिलेश कुमार चौरसिया ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया है। 

हेड कांस्टेबल से सब इंस्पेक्टर नागरिक पुलिस के पद पर यह प्रोन्नति न केवल इन पुलिसकर्मियों के करियर के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। बल्कि इस पदोन्नति से पुलिसकर्मियों का मनोबल भी बढ़ेगा। यूपी पुलिस में कार्यरत 1,781 हेड कांस्टेबल के पदोन्नति के बाद पुलिस विभाग में खुशी की लहर है।

1,781 हेड कांस्टेबल के प्रमोशन के आदेश की प्रति भी यूपी पुलिस विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी गयी है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ की ओर से गठित विभागीय प्रोन्नति समिति द्वारा संस्तुति मिलने के बाद सूची पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार को भेजी गयी थी।

डीजीपी की मंजूरी मिलने के बाद प्रोन्नति का आदेश जारी कर दिया गया है। प्रोन्नत किये गये सभी पुलिसकर्मियों को फिलहाल उनकी तैनाती वाले जगह पर ही प्रोन्नत किया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने लंबे समय से प्रतीक्षित चल रहे प्रोन्नति प्रक्रिया को दीपावली पर्व से पहले पूरा कर पुलिसकर्मियों को विशेष तोहफा दिया है।

पुलिसकर्मियों की छुट्टियां एक माह तक रद्द

आगामी त्योहारों के चलते पुलिस महानिदेशक मुख्यालय ने पुलिसकर्मियों की छुट्टियां एक माह तक के लिए रद्द कर दी हैं। पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार की ओर से इस संबंध में भी आदेश जारी कर दिये गये हैं। जारी किये गये आदेश में कहा गया है कि आगामी दीपावली और छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के मद्देनजर आगामी आठ नवंबर तक पुलिसकर्मियों के सभी तरह के अवकाश को रद्द किया जाता है। विशेष परिस्थितियों में उच्चाधिकारियों की अनुमति पर ही अवकाश स्वीकृत किया जा सकेगा।

Tags:    

Similar News