Lucknow News: शेरखान मर्डर केस का खुलासा, सात आरोपी गिरफ्तार, आलाकत्ल बरामद

Lucknow News: शेर खान मर्डर केस का शनिवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने शेर खान की हत्या में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Update:2024-09-28 16:43 IST

शेरखान मर्डर केस का खुलासा, सात आरोपी गिरफ्तार (आशुतोष त्रिपाठी)

Lucknow News: राजधानी पुलिस ने शेर खान मर्डर केस का शनिवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने शेर खान की हत्या में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने आलाकत्ल भी बरामद कर लिया है। हसनगंज थाना पुलिस और डीसीपी सेंट्रल की सर्विलांस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि इंदिरा नगर थाना क्षेत्र के कुकरैल जंगल में बीते 23 सितंबर को शेर खान का कंकाल मिला था। कंकाल के पास से मिले आधार कार्ड से मृतक की शिनाख्त की गयी थी।

14 सितंबर से लापता था शेर खान

राजधानी के हसनगंज थाना क्षेत्र में रहने वाले 30 वर्षीय शेर खान फर्नीचर कारीगर था। बीते 14 सितंबर को शेर खान जब देर रात तक घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद भी जब शेर खान का कहीं पता नहीं चला तो परिजनों ने 16 सितंबर को थाने में जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी। वहीं पुलिस को बीते 23 सितंबर को सूचना मिली कि इंदिरानगर थाना के कुकरैल जंगल में एक युवक की क्षत-विक्षत लाष मिली है। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के पास पड़े आधार कार्ड से मृतक की षिनाख्त शेर खान के रुप में की। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को जंगल में फेंके जाने की आशंका जाहिर की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी।

पुलिस को जांच के दौरान यह जानकारी मिली कि शेर खान कुछ लोगों के साथ मिलकर गलत तरीके से फाइनेंस कराने का काम करता था। जिसके लिए वह लोगों के आधार कार्ड लेकर आता था। बीते दिनों शेर खान का इसी के चलते साथ काम करने वाले लोगों से विवाद हो गया। विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि लोगों ने शेर खान की हत्या कर दी और शव को कुकरैल जंगल में ले जाकर फेंक दिया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे और सर्विलांस की मदद से हत्या में शामिल सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद ही आलाकत्ल भी बरामद कर लिया गया है।

Tags:    

Similar News