Lucknow Crime: तिरंगा यात्रा के दौरान हुआ बवाल और पथराव, वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस

बुधवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पारा इलाके में कार व बाइक से तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। बताया जा रहा है कि इसी बीच दो पक्षों में विवाद हो गया।

Report :  Santosh Tiwari
Update: 2024-08-15 14:15 GMT

घटना का वीडियो आया सामने। Newstrack

Click the Play button to listen to article

Lucknow Crime: राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में बुधवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा निकालने के दौरान बवाल हो गया। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर पथराव कर दिया। मोहान रोड पर हुई घटना से काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी मची रही। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पारा इलाके में कार व बाइक से तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। बताया जा रहा है कि इसी बीच दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद धीरे-धीरे मारपीट में तब्दील हो गया। एक पक्ष की ओर से पथराव भी किया गया। सूत्रों के अनुसार कुछ लोग घबराकर पास में ही बने एक काम्प्लेक्स में जान बचाकर भाग गए थे इसके बाद आरोपियों ने काम्प्लेक्स पर भी पत्थरबाजी कर दी। करीब एक घंटे तक आगरा एक्सप्रेस वे पर जाने वाली मोहान रोड पर अराजकता जारी रही। इसके बावजूद पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब घटना का सीसीटीवी वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई और मामले की जाँच शुरू की। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि करीब 50 से अधिक लड़के मुख्य सड़क, सर्विस लेन और डिवाइडर पर खड़े हैं। इनमें से कई लड़के पत्थर चलाते नजर आ रहे हैं। 

पुलिस बोली- सड़क हादसे के बाद हुआ विवाद

बुधवार को जब मामले का वीडियो वायरल हुआ तो लखनऊ पुलिस की तरफ से एक बयान जारी किया गया। इसमें कहा गया कि काकोरी मोड़ में तिरंगा यात्रा निकालकर हंसखेड़ा तिराहे पर समाप्त हो गयी है। तिरंगा यात्रा में चल रही दो मोटरसाइकिल आपस में टकरा गयी, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच गाड़ी बनवाने के लिए आपसी मारपीट हुई थी। उसी समय दूसरी तरफ से भी जुलूस आ गया था जिस कारण उक्त वीडियो में भीड़ दिख रही है। उक्त मारपीट की घटना में शामिल लड़को की पहचान की जा रही है। जांचोपरान्त विधिक कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस के बयान वीडियो से अलग 

बुधवार को जब घटना के वीडियो वायरल हुए तो पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जाँच पड़ताल शुरू की है। पारा इंस्पेक्टर ब्रजेश वर्मा ने कहा कि एक लड़का पत्थर मारता दिख रहा है। जबकि वायरल हुए दो वीडियो में कई लड़के पथराव करते नजर आ रहे हैं। वहीं, एक्स पर जारी बयान में भी पथराव का कोई जिक्र नहीं है। सूत्रों का कहना है कि स्थानीय पुलिस मामले को छुपाने के लिए पथराव की बात दबा रही है। 

Tags:    

Similar News