IAS Durga Shakti Nagpal: कौन हैं आईएएस दुर्गाशक्ति नागपाल, जो संभाल रहीं लखीमपुर DM पद की कमान

IAS Durga Shakti Nagpal: छत्तीसगढ़ के रायपुर जनपद में आईएएस दुर्गाशक्ति नागपाल का जन्म 25 जून 1985 को हुआ था। दुर्गाशक्ति के पिता सुभाष नागपाल भारतीय सांख्यिकी सेवा अधिकारी थे।

Update:2024-09-26 17:28 IST

कौन हैं आईएएस दुर्गाशक्ति नागपाल (न्यूजट्रैक)

IAS Durga Shakti Nagpal: आईएएस दुर्गाशक्ति नागपाल की गिनती बेहद तेज-तर्रार अफसरों में होती है। वर्तमान में दुर्गाशक्ति नागपाल लखीमपुर खीरी की जिलाधिकारी पद का दायित्व संभाल रही हैं। इससे पूर्व बांदा जनपद के डीएम पद पर कार्यरत थीं। बांदा जनपद में आईएएस दुर्गा शक्ति नागपाल का कार्यकाल 14 माह 25 दिन रहा। दुर्गाशक्ति नागपाल की छवि बिना दबाव कार्य करने वालीं सख्त महिला अधिकारी की है। दुर्गाशक्ति नागपाल कभी अपने निजी जीवन तो कभी अपनी कार्यशैली को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहती हैं। आइए जानते आईएएस दुर्गाशक्ति नागपाल के बारे में।

कौन हैं आईएएस दुर्गाशक्ति नागपाल

छत्तीसगढ़ के रायपुर जनपद में आईएएस दुर्गाशक्ति नागपाल (Durga Shakti Nagpal IAS)का जन्म 25 जून 1985 को हुआ था। दुर्गाशक्ति के पिता सुभाष नागपाल भारतीय सांख्यिकी सेवा अधिकारी थे। वहीं उनके दादा घनश्याम नागपाल एक पुलिस अधिकारी थे। साल 1954 में दिल्ली के सदर बाजार में उनके दादा की देश सेवा के दौरान हत्या कर दी गई थी। साल 2007 में दुर्गाशक्ति नागपाल ने इंदिरा गांधी दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय से कंप्यूटर इंजीनियरिंग में स्नातक किया। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की।


साल 2008 में पहले प्रयास में ही उन्होंने सफलता हासिल की और उनका चयन भारतीय राजस्व सेवा के लिए हुआ। लेकिन फिर भी दुर्गाषक्ति ने पढ़ाई करना नहीं छोड़ा। कड़ी मेहनत और लगन के बल पर दोबारा यूपीएससी परीक्षा दिया। साल 2009 में उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में परचम लहराया और 20वीं रैंक हासिल की। उन्हें पंजाब कैडर दिया गया और मोहाली में उनकी तैनाती हुई। मोहाली में तैनाती के दौरान आईएएस दुर्गाशक्ति नागपाल ने भूमि घोटाला का खुलासा किया। वहीं आईएएस दुर्गा शक्ति नागपाल ग्रेटर नोएडा में तैनाती के दौरान माफिया के खिलाफ कार्रवाई कर चर्चा में आयीं। उन्होंने अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाकर 15 लोगों को गिरफ्तार किया।


अभिषेक सिंह से दुर्गाशक्ति नागपाल ने किया विवाह

आईएएस दुर्गाशक्ति नागपाल ने अभिषेक सिंह के साथ साल 2012 में विवाह किया था। बताया जाता है कि अभिषेक और दुर्गाशक्ति की मुलाकात यूपीएससी परीक्षा की तैयारी के दौरान हुई थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। दुर्गाशक्ति नागपाल के पति अभिषेक सिंह 2011 बैच के यूपी कैडर आईएएस अधिकारी हैं। अभिषेक सिंह (Abhishek Singh IAS) से शादी करने के बाद दुर्गाशक्ति नागपाल को भी यूपी कैडर अलॉट कर दिया गया था।

उल्लेखनीय है कि साल 2022 में गुजरात चुनाव के दौरान आईएएस अभिषेक सिंह (IAS Abhishek Singh) को प्रेक्षक बनाकर भेजा गया था। जहां उनकी एक तस्वीर सोषल मीडिया पर वायरल हुई थी। जिसके बाद उन्हें साल 2023 में निलंबित कर दिया गया था। फिलहाल अभिषेक सिंह ने सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। यूपी सरकार ने अभिषेक सिंह का त्यागपत्र स्वीकार करते हुए संस्तुति के साथ केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) को भेज दिया है।

Tags:    

Similar News