Yuva Sansad 2026:देश के भविष्य को दिशा देने के लिए तैयार हैं युवा, युवा संसद विचार रखने का सशक्त मंच
लखनऊ में विकसित भारत युवा संसद 2026 के समापन पर दिनेश शर्मा ने कहा कि युवा देश की ताकत हैं, सरकार उनके विकास के लिए लगातार नए अवसर और योजनाएं ला रही है।
Yuva Sansad 2026 Dinesh Sharma Lucknow News (Social Media)
Lucknow News: राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि युवा देश की प्रगति का प्रमुख आधार हैं और वे देश के भविष्य को दिशा देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। केंद्र सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में ‘मेरा भारत’ एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों में युवाओं ने गंभीरता और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ विचार-विमर्श किया।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लगभग 370 युवाओं का एक मंच पर एकत्र होकर राष्ट्र के महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन करना इस बात का प्रमाण है कि भारत का युवा जागरूक, सक्रिय और जिम्मेदार है। ऐसे आयोजनों का देशभर में होना इसे एक राष्ट्रीय जनआंदोलन का रूप देता है।
डॉ शर्मा ने ‘मेरा भारत’ और मंत्रालय की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी बात रखने के लिए एक प्रभावी मंच मिला है। उन्होंने केंद्रीय बजट को युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला बताया, जिसमें स्वास्थ्य, उद्यमिता और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि ABC Labs के माध्यम से नवाचार और कौशल विकास को प्रोत्साहन मिल रहा है, जबकि Orange Economy के जरिए रचनात्मक क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के बजट में 34% की वृद्धि यह दर्शाती है कि सरकार युवाओं को राष्ट्र निर्माण की धुरी मानती है।
डॉ शर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली में युवाओं के विचार सुनना एक ऐतिहासिक पहल है, जिसने बजट की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज का भारत युवा-नेतृत्व वाले विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम से चयनित शीर्ष तीन विजेता संसद भवन, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की विकसित भारत युवा संसद में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम में युवा प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्यमिता, स्वच्छता और खेल जैसे विषयों पर अपने विचार रखते हुए आत्मविश्वास, तर्कशक्ति और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया, जो अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर विधायक नीरज बोरा, विधायक शशांक वर्मा, विधायक सुरभि, प्रमुख सचिव विधान सभा प्रदीप दुबे, राज्य निदेशक मेरा भारत गोपेश पाण्डेय, क्षेत्रीय निदेशक मेरा भारत अनिल सिंह, उप निदेशक मेरा भारत विकास सिंह, डिप्टी मार्शल मनमोहन पांडे सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।