Mathura News: बैटरी रिक्शा पर दिखे CM शिवराज सिंह, वृंदावन में किए बांके बिहारी के दर्शन

Mathura News: CM शिवराज सिंह ने भगवान बांके बिहारी जी के दर्शन किए। वो मथुरा के गोवर्धन भी गए और पत्नी साधना सिंह के साथ गिर्राज जी की परिक्रमा की।

Report :  Mathura Bharti
Update: 2023-03-11 09:08 GMT

File Photo of Madhya Pradesh CM Shivraj Singh Chauhan (Pic: Social Media) 

Mathura News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान धार्मिक यात्रा पर मथुरा-वृंदावन पहुंचे। जहां उन्होंने भगवान बांके बिहारी जी के दर्शन किए। वो मथुरा के गोवर्धन भी गए और पत्नी साधना सिंह के साथ गिर्राज जी की परिक्रमा की। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री आगरा के खेरिया हवाई अड्डे से सड़क मार्ग से मथुरा होते हुए गोवर्धन पहुंचे। मुख्यमंत्री की आईजी, डीएम, एसएसपी ने अगुवानी की। इस दौरान गोवर्धन के विधायक मेघश्याम सिंह ने उनको पटका पहनाकर स्वागत किया।

5 KM पैदल और 1 KM बैटरी रिक्शा से चले शिवराज

गोवर्धन पहुंचे मुख्यमंत्री कुछ देर एक होटल में रुकने के बाद परिक्रमा के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान काफिले के साथ राधा कुंड पहुंचे। यहां उन्होंने पहले पूजा की इसके बाद पैदल परिक्रमा शुरू की। करीब 5 किलोमीटर पैदल चलने के बाद उन्होंने विश्राम किया। इसके बाद ई रिक्शा से बाकी रह गई परिक्रमा की। शिवराज सिंह चौहान की पत्नी धार्मिक यात्रा पर पहले ही गोवर्धन पहुंच गईं थीं। महिला मंडल के साथ गोवर्धन आईं साधना सिंह ने पैदल गोवर्धन की परिक्रमा शुरू की। परिक्रमा करते हुए वह राधा कुंड पहुंचीं। जहां से उन्होंने पति शिवराज सिंह चौहान के साथ परिक्रमा की।

बांके बिहारी की शरण में पहुंचे मुख्यमंत्री

गोवर्धन में दर्शन और परिक्रमा करने के बाद मुख्यमंत्री बांके बिहारी जी के दर्शन करने वृंदावन पहुंचे। गोवर्धन से सड़क मार्ग होते हुए वृंदावन पहुंचे मुख्यमंत्री ने बांके बिहारी मंदिर पहुंच कर भगवान के दर्शन किए। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। बांके बिहारी मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्नी साधना सिंह के साथ भगवान बांके बिहारी जी के सामने पहले दीपक जलाया और फिर विधि-विधान से पूजन अर्चन किया। मंदिर के ज्ञानेंद्र गोस्वामी ने उनको वैदिक मंत्रों के मध्य पूजन अर्चन कराया। बांके बिहारी जी के दर्शन करने के बाद सेवायत ज्ञानेंद्र गोस्वामी ने उनको भगवान का अंग वस्त्र और प्रसाद भेंट किया। इसके बाद उन्होंने मनोकामना पूरी होने का आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री दर्शन करने के बाद भोपाल जाने के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए।

सीएम शिवराज सिंह ने कहा, बांके बिहारी जी के दर्शन करने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि भगवान सब पर कृपा की बरसात करें। राधे कृष्ण भगवान, बांके बिहारी जी सब पर कृपा करें। सभी निरोग हों, सभी सुखी हों, सभी का मंगल हो सभी का कल्याण हो यही कामना की है।

Tags:    

Similar News