Auraiya News: सपा कार्यकर्ताओं ने निकाली साइकिल रैली, सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश

Auraiya News: छोटे लोहिया एवं जनेश्वर मिश्र के जन्मदिवस पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने साइकिल रैली निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

Written By :  Pravesh Chaturvedi
Published By :  Durgesh Bahadur
Update: 2021-08-05 08:37 GMT

औरैया में सपा कार्यकर्ताओं ने साइकिल रैली निकालकर सरकार का जताया विरोध

Auraiya News: पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशन में छोटे लोहिया एवं जनेश्वर मिश्र के जन्मदिवस पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने साइकिल रैली निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में गरीबों, असहाय लोगों के ऊपर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। वहीं महिलाएं भी इस सरकार में सुरक्षित नहीं है।

साइकिल रैली निकालने से पहले पूर्व सांसद प्रदीप यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार लोगों का सिर्फ शोषण कर रही है। उन्होंने कहा पंचायत चुनाव में जो कुछ भी हुआ वह सभी ने देखा। अब आने वाले 2022 के चुनाव में जनता भारतीय जनता पार्टी की सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

औरैया में सरकार के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन 

साथ ही उन्होंने कहा कि लोग समाजवादी पार्टी की ओर आशा भरी नजरों से देख रहे हैं। इसी का परिणाम है कि पंचायत चुनाव में समाजवादी पार्टी ने जिला पंचायत सदस्यों की सबसे अधिक सीट जीती है। यदि भाजपा सरकार छल न करती तो शायद पूरे प्रदेश में सबसे अधिक जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख समाजवादी पार्टी के होते।

वहीं, जिला उपाध्यक्ष अवधेश भदोरिया ने कहा की अखिलेश सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ उन्हें बेरोजगारी भत्ता, लैपटॉप आदि सुविधाएं भी दी थी। अखिलेश सरकार में जितना विकास हुआ है शायद अब तक की सरकारों द्वारा इतना विकास कभी नहीं कराया गया होगा और आने वाली सरकार भी इतने विकास कार्य नहीं करा पाएगी। कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में हुए कार्यों को अपना बताकर पीठ थपथपाने का कार्य कर रही है।

इसके अलावा सपा नेत्री एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय इंद्रपाल की पुत्री पल्लवी पाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में दुशासन व दुर्योधन जैसे लोग हैं। महिलाओं की जितनी कुगति भाजपा सरकार में हुई है, उतनी शायद अब तक किसी भी सरकार में नहीं हुई है।

साइकिल रैली में मुख्य रूप से पूर्व राज्य मंत्री एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद इरशाद, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अब्दुल सत्तार, ओम प्रकाश ओझा, सर्वेश बाबू गौतम, जितेंद्र दोहरे, रवि त्यागी, अजय तिवारी, अमित यादव, ऋषभ त्रिपाठी सहित सैकड़ों समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News