Mahoba News: बढ़ती महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस का अनोखा विरोध प्रदर्शन, बीच सड़क पर मिट्टी के चूल्हे पर बनाई रोटियां

Mahoba News: बुंदेलखंड के महोबा में बढ़ती महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस द्वारा अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए बीच सड़क मिट्टी के चूल्हे पर रोटी बनाई गई।

Report :  Imran Khan
Published By :  Shashi kant gautam
Update: 2022-05-17 12:43 GMT

महोबा: महिला कांग्रेस का बढ़ती महंगाई का विरोध  

Mahoba News: बुंदेलखंड के महोबा में बढ़ती महंगाई (rising inflation) के विरोध में महिला कांग्रेस (Mahila Congress) द्वारा अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए बीच सड़क मिट्टी के चूल्हे पर रोटी बनाई गई। महिला कॉंग्रेस ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए बीजेपी सरकार (BJP government) को जमकर कोसा। देश मे सिलेंडर और रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दाम को लेकर नाराजगी जताई है।

देश में बढ़ती महंगाई से लोगों का बजट बिगड़ता जा रहा है इसको लेकर कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरी है। महोबा में महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष मामा भारती के नेतृत्व में बड़ी संख्या में इकट्ठा हुई महिलाओं ने आल्हा चौक चौराहे पर बीजेपी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन में सभी महिलाओं ने बीच सड़क पर बैठकर मिट्टी के चूल्हे पर रोटियां बनाई है।

मिट्टी के चूल्हे पर रोटी बनाते हुए महिला कांग्रेस ने दिया संदेश

मिट्टी के चूल्हे पर रोटी बनाते हुए महिला कांग्रेस ने संदेश दिया कि गैस के सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं तो वहीं सरसों का तेल भी दुगने रेट पर बिक रहा है इसके अलावा रोजमर्रा उपयोग की वस्तुओं के मूल्य में भी इजाफा होने से लोगों को महंगाई परेशान कर रही है। महंगाई को लेकर बीजेपी सरकार पूरी तरीके से फेल है।


ऐसे में कांग्रेस द्वारा आम जनता की समस्या को उठाने के लिए विरोध प्रदर्शन किया गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष मामा भारती ने कहा कि आल्हा चौक चौराहे पर महिलाओं द्वारा मिट्टी के चूल्हे पर गोबर के उपले और लकड़ी से खाना बनाकर महंगाई का विरोध किया है। सरकार इस महंगाई को रोकने में असफल है। चुनाव के दौरान पीएम और सीएम जनता के हित के दावे कर रहे थे लेकिन वर्तमान में महंगाई ने लोगों की कमर तोड़कर रख दी है।

उज्ज्वला योजना के नाम पर सिलेंडर का झुनझुना

सरकार ने उज्ज्वला योजना के नाम पर सिलेंडर का झुनझुना आम आदमी को पकड़ाया है जिसे भरवाने के लिए लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है और इस महंगाई में वह अपना सिलेंडर भी नहीं भरवा पा रहे। कांग्रेस ने सरकार से बढ़ती महंगाई को कम करने और नियंत्रण में रखने बाबत एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा है।

महंगाई पर कोई लगाम नहीं

वहीं मुफ्त राशन मामले को लेकर भी कांग्रेस पार्टी ने ऐतराज जताते हुए कहा कि चुनाव के समय मुक्त राशन बांटा गया और अब लोगों से राशन कार्ड वापस लिए जा रहे हैं। सरकार के मानक गरीबों को और गरीब करने वाले हैं। एक तरफ सिलेंडर में भरने वाली गैस के दाम बढ़ते चले जा रहे हैं तो वहीं अन्य सामान की महंगाई में भी लगाम नही लग पा रही।

Tags:    

Similar News