Mahoba News: आंधी और तेज बारिश के चलते दीवार गिरने से तीन घायल, एक गंभीर

Mahoba News: महोबा में तेज बारिश और आंधी के चलते एक दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

Report :  Imran Khan
Update:2024-06-18 21:45 IST

जिला अस्पताल में घायलों का इलाज जारी। Photo-Newstrack 

Mahoba News: महोबा में तेज बारिश और आंधी के चलते एक दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों मजदूर क्रशर प्लांट में काम कर रहे थे तभी यह हादसा हुआ है। हादसे से क्रशर प्लांट में हड़कंप मच गया। वहीँ, घटना के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां एक मजदूर की हालत नाजुक होने के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

बारिश से बचने के लिए लिया था दीवार का सहारा 

हादसा जनपद के कबरई इलाके में संचालित पीएनसी क्रशर प्लांट का है। जहां अचानक रुक-रुक कर हो रही बारिश से एक दीवार गिर जाने से हादसा हो गया। कबरई थाना क्षेत्र में संचालित पीएनसी क्रशर प्लांट में यह हादसा हुआ है। जानकारी के अनुसार, प्लांट में मजदूर काम कर रहे थे तभी अचानक तेज आंधी और बारिश आने के कारण बचने के लिए सभी एक दीवार के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान अचानक दीवार गिर गई और तीनों मजदूर उसके नीचे ही दब गए।घटना से क्रशर प्लांट में अफरा तफरी का माहौल हो गया। शोरगुल सुनकर अन्य मजदूर भी मौके पर आ गए जिनकी मदद से सभी घायलों को निकाल कर तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

यह लोग हुए घायल

हादसे में कानपुर जनपद के ग्राम शीतलपुर निवासी 45 वर्षीय कुंवरपाल, कुशीनगर जनपद के चतुरचक गांव निवासी 42 वर्षीय विजय कुमार और जिला चंदौली के ग्राम मुसाखाड निवासी 49 वर्षीय रामसखी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर द्वारा उनका उपचार किया गया है लेकिन इस दौरान विजय कुमार की हालत नाजुक होने के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। आपको बता दें कि महोबा में अचानक आई आंधी और तेज बारिश के चलते हादसा घटित हुआ है। तो दूसरी तरफ महोबा में रुक रुक कर हो रही बारिश से लोगों को उमसभरी गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है।

Tags:    

Similar News