होली मिलन समारोह: मनोज सिन्हा के सामने उड़ी नोटों की गड्डियां, विवाद

Update:2018-03-04 13:18 IST
होली मिलन समारोह: मनोज सिन्हा के सामने उड़ी नोटों की गड्डियां, विवाद

अनूप हेमकर

बलिया: केंद्रीय रेल व संचार राज्य मंत्री मनोज सिन्हा का होली कार्यक्रम विवादों में घिरता नजर आ रहा है। दरअसल, बलिया जिले के बैरिया विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह द्वारा शनिवार को होली मिलन समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में रेल राज्य मंत्री की मौजूदगी में रंग और गुलाल के साथ नोटों की गड्डियां भी उड़ाई गई। बस, इसके बाद विवाद शुरू हो गया। विपक्षी पार्टियां इसे भुनाने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है।

बैरिया विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक ने शनिवार को होली मिलन समारोह आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा भी पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में बीजेपी विधायक सुरेन्द्र सिंह ने रेल राज्य मंत्री को 'कृष्ण' करार दिया।

बीजेपी विधायक पहले भी रहे हैं विवादों में

बता दें, कि इससे पहले भी बीजेपी विधायक सुरेन्द्र सिंह अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में आ चुके हैं। तब उन्होंने देश के 2024 तक हिंदू राष्ट्र बनने व भारत माता की जय तथा वन्देमातरम ना बोलने वालों के लिए देश में कोई स्थान ना होने का बयान देकर विवादों में रहे थे।

जयप्रकाश नारायण की पत्नी के नाम पर होगा रेलवे स्टेशन

दूसरी तरफ, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने संपूर्ण क्रांति के प्रणेता लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पत्नी प्रभावती देवी के नाम पर बलिया जिले के बकुल्हा रेलवे स्टेशन का नामकरण करने की घोषणा की। केंद्रीय मंत्री ने बीजेपी सांसद भरत सिंह के अनुरोध पर यह घोषणा की। उन्होंने कहा, कि रेल विभाग की तरफ से इसकी आवश्यक स्वीकृति के लिए उत्तर प्रदेश सरकार को पत्र लिखा जाएगा।

Tags:    

Similar News