LS Elections 2024: जाटलैंड पर वर्चस्व के लिए रालोद शुरू करेगी 'रथ यात्रा', वेस्ट यूपी की 15 लोकसभा सीटों पर तैयारी

UP Politics : रालोद प्रवक्ता आतिर रिजवी का कहना है कि, लोकसभा चुनाव 2024 में गठबंधन होने के मद्देनजर भी 15 लोकसभा सीटों पर चुनावी तैयारी की जा रही है।

Report :  Sushil Kumar
Update: 2023-12-05 11:05 GMT

रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह (Social Media)

UP Politics : राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने 'चौधरी चरण सिंह संदेश रथ' यात्रा की घोषणा की है। यह यात्रा सहारनपुर से शुरू होगी और 15 लोकसभा क्षेत्रों तथा 75 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इसका मुख्य लक्ष्य युवाओं को संगठित करना है। साथ ही, चौधरी चरण सिंह के अनुयायियों को पार्टी से जोड़ना भी है।

पार्टी के प्लान के मुताबिक, 10 दिसम्बर से चौधरी चरण सिंह संदेश रथ यात्रा वेस्ट यूपी में निकाली जाएगी। रणनीति के मुताबिक इस रथ यात्रा का पूरा बड़ा फोकस युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर रहेगा। इसके साथ ही चौधरी चरण सिंह के अनुयायियों को बड़े चौधरी की याद दिलाकर भावनात्मक तौर से पार्टी संग खड़ा करने पर होगा।

मां शाकंभरी सिद्धपीठ से शुरू होगी यात्रा

खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नीरपाल सिंह (Neerpal Singh) ने मंगलवार (10 दिसंबर) को बताया कि 'आरएलडी की रथ यात्रा सहारनपुर जिले के मां शाकंभरी सिद्धपीठ से शुरू होने वाली है। चौधरी चरण सिंह संदेश रथ यात्रा का रूट प्लान तैयार कर लिया गया है। यात्रा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ और गाजियाबाद होते हुए 23 दिसंबर को चौधरी चरण सिंह की जयंती पर दिल्ली किसान घाट पर जाकर समाप्त होगी।'

रथ यात्रा का ये है प्लान

दिल्ली में रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह का अन्य सीनियर नेताओं के साथ शामिल होना प्रस्तावित है। रालोद नेता ने रूट प्लान की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि, 'संदेश रथयात्रा का शुभारंभ 10 दिसंबर को सहारनपुर से किया जाएगा। रात्रि विश्राम शामली में होगा। 11 दिसंबर को रथ यात्रा शामली से चलकर बड़ौत पहुंचेगी। 12 दिसंबर को बड़ौत में रात्रि विश्राम होगा। 13 दिसंबर को बड़ौत से मेरठ पहुंचेगी। यहीं पर विश्राम होगा। 14 दिसंबर को मुजफ्फरनगर पहुंचेगी और रात्रि विश्राम पिन्ना में होगा। 15 को रात्रि विश्राम शुक्रताल, 16 को बिजनौर, 17 को अमरोहा, 18 को हापुड़, 19 को बुलंदशहर, 20 को नोएडा, 21 व 22 को साहिबाबाद में रात्रि विश्राम के बाद 23 दिसंबर को किसान घाट दिल्ली में समापन होगा।'

रालोद प्रवक्ता आतिर रिजवी का कहना है कि, लोकसभा चुनाव 2024 में गठबंधन होने के मद्देनजर भी 15 लोकसभा सीटों पर चुनावी तैयारी की जा रही है।   

Tags:    

Similar News